सीमापुरी में युवक की चापड़ से हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल
सारांश
Key Takeaways
- रफीकुल की चापड़ से हत्या हुई।
- एक साथी गंभीर रूप से घायल है।
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
- स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक का नशा करने वालों से झगड़ा हुआ था।
- जांच तेज की गई है।
नई दिल्ली, 9 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र में रविवार की रात एक युवक की चापड़ से हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान रफीकुल के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अपने एक दोस्त के साथ एक कसाई की दुकान के बाहर खड़ा था। तभी कुछ अज्ञात युवक वहां आए और उन दोनों पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में रफीकुल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा, जबकि उसका साथी भी बुरी तरह से जख्मी हो गया। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
सीमापुरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं, रफीकुल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रफीकुल का नशा करने वालों से झगड़ा हुआ था, जिससे यह हमला हुआ।
मृतक के भाई ने बताया कि उसे एक युवक ने सूचना दी कि उसका भाई अस्पताल में भर्ती है, लेकिन जब वह पहुंचा, तब तक रफीकुल की मौत हो चुकी थी।
एक अन्य युवक ने बताया कि रविवार रात 8 बजे रफीकुल से एक व्यक्ति ने पैसे छीनने की कोशिश की। इसके बाद उसे डंडों से पीटा गया और जब लोग बचाने आए, तो चाकू मार दिया गया। इस हमले के बाद वह युवक रफीकुल को अस्पताल ले गया और वहां छोड़कर चला गया। पुलिस ने सोमवार सुबह मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज किया गया है।