राजस्थान में सीकर के 37 केंद्रों पर 5-6 अप्रैल को एसआई भर्ती परीक्षा होगी, 24 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
सारांश
Key Takeaways
- परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को होगी।
- सीकर में 37 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
- 24 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
- सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
- अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।
सीकर, ४ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा एसआई प्रतियोगिता परीक्षा २०२५ का आयोजन ५ एवं ६ अप्रैल को प्रदेश के साथ-साथ सीकर जिले में भी ३७ परीक्षा केंद्रों पर हर दिन दो पारियों में किया जाएगा। सीकर जिला प्रशासन ने इस परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने सीकर के एसके कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआई प्रतियोगिता परीक्षा २०२५ का आयोजन सीकर जिले के ३७ परीक्षा केंद्रों पर ५ अप्रैल को दो पारियों में होगा। इनमें से २४ परीक्षा केंद्र सरकारी संस्थानों में और १३ निजी संस्थानों में स्थापित किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सरकारी अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। पहले पारी की परीक्षा प्रातः ११:०० बजे से दोपहर १:०० बजे तक होगी और दूसरी पारी की परीक्षा अपराह्न ५:०० बजे तक चलेगी। सीकर जिले में कुल २४ हजार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पारी में १२ हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान निरीक्षण एवं जांच के लिए ७ उड़ान दस्ता दलों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त १६ उप समन्वयक भी नियुक्त किए गए हैं। निजी शिक्षण संस्थानों में दो ऑब्जर्वर भी तैनात किए जा रहे हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक केंद्र पर दो पुलिसकर्मी, एक महिला और एक पुरुष, तैनात रहेंगे।
अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने पर पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। हर परीक्षा केंद्र पर दो वीडियो ग्राफर भी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नकल की रोकथाम और अनुचित साधनों का उपयोग रोकने के लिए विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया कि वे परीक्षा शुरू होने के १ घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं ताकि उन्हें कोई कठिनाई न हो। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से १ घंटे पहले तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी को भी परीक्षा के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड का पालन करना चाहिए और अनुचित साधनों का उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि इस मामले में राज्य सरकार काफी गंभीर है। इस संबंध में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और एसओजी भी विशेष ध्यान रख रही है।
एसडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार के निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।