क्या सूरत के कपड़ा व्यापारियों ने जीएसटी रिफॉर्म को सराहा?
सारांश
मुख्य बातें
सूरत, २२ सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। जीएसटी रिफॉर्म को लेकर सूरत के कपड़ा व्यापारियों ने पीएम मोदी का तहे दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि इस बार बिक्री में वृद्धि होगी, जिससे दीपावली का त्योहार बहुत अच्छे से मनाया जाएगा।
सोमवार से पूरे देश में जीएसटी की नई दरें लागू हो गई हैं। जीएसटी में हुए सुधार से कपड़ा उद्योग में खुशी की लहर है। नई स्लैब दरों के अंतर्गत कपड़ों पर जीएसटी दर को १२ प्रतिशत से घटाकर ५ प्रतिशत करने से न केवल सामान की कीमतें कम होंगी, बल्कि ग्राहकों की खरीदारी क्षमता में भी वृद्धि होगी और छोटे व्यापारियों को भी बड़ा लाभ होगा।
सूरत के गारमेंट सेक्टर के व्यापारी इसे दीपावली का एक बड़ा उपहार मानते हैं, जबकि ग्राहक महंगाई से राहत के लिए सरकार का आभार व्यक्त कर रहे हैं।
सूरत के गारमेंट व्यापारी हर्ष अग्रवाल ने उत्साह के साथ कहा कि जीएसटी २.० सुधारों के लाभ बहुत महत्वपूर्ण हैं। पहले १००० रुपये से ऊपर के कपड़ों पर जीएसटी अधिक था, जिससे ग्राहक कम खरीदते थे। अब स्लैब दर कम होने से ग्राहक ज्यादा सामान खरीद सकेंगे। पहले जो ग्राहक एक ही उत्पाद लेते थे, वे अब दो उत्पाद खरीदने पर विचार करेंगे। इससे हमारी बिक्री में इजाफा होगा।
एक अन्य व्यापारी शिवाभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उत्कृष्ट फैसला लिया है। जीएसटी दर घटाने से ग्राहकों को काफी लाभ होगा। यह दीपावली हमारे लिए और ग्राहकों के लिए बहुत अच्छी होने वाली है।
उन्होंने बताया कि सस्ते कपड़ों से बाजार और मजबूत होगा।
धर्मेश ने जीएसटी कटौती का स्वागत करते हुए कहा कि पहले जीएसटी की दर अधिक होने से कपड़े महंगे हो जाते थे। हम मध्यम वर्ग के लोग हैं, पहले एक जोड़ी कपड़े लेते थे। अब कपड़ों पर केवल ५ प्रतिशत जीएसटी लगेगा, जिससे हम ज्यादा खरीद सकेंगे। हम सरकार का धन्यवाद करते हैं।
कई अन्य ग्राहकों ने भी नवरात्रि और दीपावली से पहले इस राहत को बड़ा तोहफा बताया है।