क्या तेजस्वी के झांसे में नहीं आएंगे बिहार के लोग? : नित्यानंद राय
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 22 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा संविदाकर्मियों को स्थाई करने की घोषणा पर भाजपा के नेता और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव कितने भी मायाजाल फैलाएं, बिहार के लोग उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं।
पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने जीविका दीदियों के लिए जो विकास कार्य किए हैं, उससे उनकी जिंदगी में खुशियां आई हैं। आगे भी जो काम होगा, वह बिहार की एनडीए सरकार करेगी।
उन्होंने आगे कहा, "जीविका दीदियों को यह पता है कि तेजस्वी यादव लुटेरा, भ्रष्टाचारी और परिवारवादी हैं। वे अपराधियों को संरक्षण देने वाले हैं। उनके शासन में महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और नरसंहार जैसी घटनाएं हुईं। उस समय महिलाओं का दमन हुआ। जब राजद की सरकार थी, तब दूध घोटाला हुआ और बाढ़ में कई बच्चों की मौत हो गई।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने आगे कहा कि उस समय चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला करके गरीबों का हक छीना गया। भ्रष्टाचार की गंगोत्री बहती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और विकसित बिहार का संकल्प लिया है। उनके विकास के स्तंभों में बहनें, महिलाएं, किसान, युवा और गरीब शामिल हैं और इनका विकास केवल प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार ही कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव चाहे जितनी झूठ बोल लें, लेकिन बिहार की जनता इस चुनाव में उनका सूपड़ा साफ कर देगी। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। इससे पहले, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को घोषणा की थी कि अगर प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो सभी संविदाकर्मियों को स्थाई किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन इस महंगाई के दौर में प्रदेशवासियों को आर्थिक न्याय देने का काम करेगा। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।