क्या तेजस्वी यादव की अधिकार यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 17 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' को लेकर एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों ने इसे पूरी तरह से असफल करार दिया है। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एनडीए में सिर फुटव्वल मचा हुआ है।
राजद प्रवक्ता ने राष्ट्र प्रेस से संवाद में कहा कि तेजस्वी यादव की अधिकार यात्रा में जनसैलाब उमड़ रहा है और उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इससे भाजपा और उनके सहयोगी दलों में बैचेनी बढ़ गई है। बिहार की जनता इस बार एनडीए को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी।
तेजस्वी यादव अपनी अधिकार यात्रा में जनता के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठा रहे हैं। जनता ने इस बार ठान लिया है कि बिहार की तरक्की के लिए बदलाव जरूरी है।
पटना उच्च न्यायालय द्वारा कांग्रेस को प्रधानमंत्री मोदी की एआई-जनरेटेड वीडियो हटाने का निर्देश देने के बारे में राजद प्रवक्ता ने कहा कि यह फैसला बिल्कुल सही है। कांग्रेस पार्टी पहले ही वीडियो हटा चुकी है और सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। माताएं पूजनीय होती हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के नेताओं को भी समझना चाहिए कि उन्हें दूसरों की माताओं-बहनों का सम्मान करना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी को 75वें जन्मदिन पर बधाई देने पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई बड़ी बात नहीं है, क्योंकि देश के बड़े नेता एक-दूसरे को जन्मदिन के मौके पर बधाई देते रहे हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि मैं इस मौके पर पीएम को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, पूरा भाजपा का खेमा बिहार में मौजूद रहेगा। कुछ दिन पहले पीएम मोदी आए, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी दौरा हुआ और अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैं तो यह कहना चाहता हूं कि जब तक चुनाव होता है, वे सभी बिहार में ही आकर रहने लग जाएं।