यामी गौतम ने कृति सेनन के साथ विवाद पर दी सफाई, कहा- 'मैं ऐसे पीआर हथकंडे नहीं अपनाती'
सारांश
Key Takeaways
- यामी गौतम ने विवाद में अपनी सफाई दी है।
- सोशल मीडिया पर एक साधारण ‘लाइक’ ने विवाद खड़ा किया।
- कृति सेनन को ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का अवार्ड मिला है।
- यामी के पास कोई पीआर टीम नहीं है।
- प्रशंसकों के बीच विवाद बढ़ गया है।
मुंबई, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ अवॉर्ड को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अभिनेत्री यामी गौतम और कृति सेनन के प्रशंसकों के बीच यह विवाद उभरा है कि इनमें से कौन बेहतर अभिनेत्री है। दिलचस्प यह है कि यह विवाद यामी गौतम द्वारा एक सोशल मीडिया पोस्ट को ‘लाइक’ करने के बाद शुरू हुआ। हालांकि, यामी गौतम ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि उनका किसी अन्य अभिनेत्री को नीचा दिखाने का कोई इरादा नहीं था।
यामी गौतम ने अपने ‘लाइक’ को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक सेलिब्रिटी के रूप में उन्हें रोजाना कई पोस्ट में टैग किया जाता है और कई बार यह स्पष्ट नहीं होता कि पोस्ट किसके संदर्भ में है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुझे पता चला है कि मैंने एक ऐसी रील को ‘लाइक’ किया है, जिसे किसी अन्य कलाकार के प्रति अपमानजनक माना जा रहा है। हमें रोजाना कई पोस्ट में टैग किया जाता है और यह भी एक अवॉर्ड समारोह से जुड़ी किसी अन्य टैग की तरह ही दिखाई दिया। ऐसा जानबूझकर नहीं किया गया था। संभव है कि यह गलती से क्लिक हो गया हो।”
यामी गौतम ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास कोई पीआर टीम नहीं है और उन्हें ऐसे घटिया पीआर हथकंडे अपनाना नहीं आता।
वास्तव में, जिस पोस्ट को यामी गौतम ने ‘लाइक’ किया था, उसमें एक तरफ कृति सेनन की तस्वीर और दूसरी तरफ यामी गौतम की तस्वीर थी। पोस्ट में कृति सेनन की तुलना में यामी गौतम को ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ अवॉर्ड के लिए अधिक योग्य बताया गया था। उल्लेखनीय है कि कृति सेनन को फिल्म ‘तेरे इश्क में’ के लिए ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का अवॉर्ड मिला था। इसी पोस्ट को लाइक किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई और दोनों अभिनेत्रियों के प्रशंसक आपस में भिड़ गए।
हालांकि, अब यामी गौतम ने अपने बयान के जरिए स्पष्ट किया है कि यह सब अनजाने में हुआ और उनका किसी तरह का विवाद खड़ा करने का कोई इरादा नहीं था।