क्या अफगानी खिलाड़ी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया? आईसीसी ने क्यों लगाई फटकार?
सारांश
मुख्य बातें
दुबई, 22 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। अफगानिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी इस्मत आलम ने मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें आधिकारिक फटकार दी गई है।
उन्हें आईसीसी आचार संहिता की धारा 2.9 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो कि अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी खिलाड़ी पर या उसके पास खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से संबंधित है।
इस उल्लंघन के चलते इस्मत के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है। यह उनके लिए पिछले 24 महीनों में पहला अपराध है।
यह घटना जिम्बाब्वे की पहली पारी के 90वें ओवर में घटित हुई, जब इस्मत ने अपने फॉलो-थ्रू में गेंद को फील्ड किया और बल्लेबाज तफदज्वा त्सिगा के करीब फेंक दिया।
इस्मत ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है, इसलिए औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने नितिन मेनन, थर्ड अंपायर फोर्स्टर मुतिज्वा और फोर्थ अंपायर पर्सीवल सिजारा के साथ मिलकर आरोप तय किए थे। लेवल 1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार, खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत तक, और एक या दो डिमेरिट अंक शामिल हो सकते हैं।
हरारे में खेले जा रहे इस एकमात्र टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने पहली पारी में 127 रन पर सिमट गई। टीम के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने 37 रन बनाए, जबकि अब्दुल मलिक ने 30 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से ब्रैड इवांस ने 5 विकेट निकाले।
इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 359 रन बनाए। टीम के लिए बेन करेन ने 121 रन की पारी खेली, जबकि सिकंदर रजा ने 65 रन जोड़े। इस तरह जिम्बाब्वे ने पहली पारी के आधार पर एक शानदार बढ़त हासिल की। अफगानिस्तान की ओर से जियाउर रहमान शरीफी ने 7 विकेट निकाले।