क्या अश्विन की कमी को कोई खिलाड़ी भर सकता है? : साई किशोर
सारांश
मुख्य बातें
चेन्नई, 28 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से अपने संन्यास का ऐलान किया है। उनके साथी क्रिकेटर साई किशोर का मानना है कि अश्विन की कमी को कोई भी खिलाड़ी भर नहीं सकता।
एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से बात करते हुए साई किशोर ने कहा, "अश्विन एक महान खिलाड़ी हैं। उनके स्थान पर कोई नहीं आ सकता। मैं उन्हें खेलते हुए देखकर बड़ा हुआ हूं और वह मेरे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। अश्विन का संन्यास खेल की दुनिया के लिए एक बड़ा धक्का है।"
जब साई किशोर से पूछा गया कि क्या वह अश्विन की जगह ले सकते हैं, तो इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने कहा, "कोई किसी की जगह नहीं ले सकता। जब तक मैं स्वस्थ रहूंगा, अच्छा खेलता रहूंगा।"
रविचंद्रन अश्विन ने पिछले साल गाबा टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन उन्होंने कहा था कि वह आईपीएल खेलते रहेंगे।
अश्विन ने 2009 में आईपीएल में करियर की शुरुआत की। उन्होंने इस लीग में कुल 220 मैच खेले और 187 विकेट लिए। अश्विन आईपीएल में 833 रन भी बना चुके हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। आईपीएल 2025 में उन्होंने 9 मैचों में 40.43 की औसत से 7 विकेट लिए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से कुल 537 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने 37 बार पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लिए।
वहीं, 116 वनडे मैचों में उन्होंने 156 विकेट लिए। टी20 फॉर्मेट में अश्विन के नाम 72 विकेट हैं। अश्विन ने टेस्ट में 6 शतक और 14 अर्धशतक के साथ 3,503 रन बनाए।