भारतीय मुक्केबाजों ने वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में सेमीफाइनल में बनाई जगह!
सारांश
Key Takeaways
- भारत के पांच मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचे।
- गुंजन ने शानदार जीत हासिल की।
- टूर्नामेंट ८ से १५ मार्च तक चल रहा है।
- युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने का अवसर।
- भारतीय दल का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है।
बैंकॉक, १३ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। 'वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप- २०२६' में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय युवा बॉक्सिंग टीम ने शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल में असाधारण प्रदर्शन करते हुए पांच पदक पक्के कर लिए हैं। गुंजन, जॉयश्री देवी, अंबेकर मीतेई, चंद्रिका पुजारी और राधामणि लोंगजाम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है।
भारत की शुरुआत बहुत उत्साहजनक रही। गुंजन (४८ किलोग्राम) ने अजरबैजान की गुलार हुसेनोवा पर ५-० के सर्वसम्मत फैसले से शानदार जीत हासिल की, जबकि जॉयश्री देवी (५४ किलोग्राम) ने जापान की यूरा कानेमारू को पहले राउंड में ही 'रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट' (आरएससी) के जरिए हराकर अपने दबदबे का परिचय दिया।
पुरुषों की ५० किलोग्राम श्रेणी में अंबेकर मीतेई ने जापान के अकीरा उएकुबो पर ४-१ से जीत दर्ज की। वहीं, चंद्रिका पुजारी (५१ किलोग्राम) ने स्पेन की एंड्रिया बुएल्गा गार्सिया को दूसरे राउंड में आरएससी से हराया, जबकि राधामणि लोंगजाम (५७ किलोग्राम) ने इंग्लैंड की सिओभान हेली पर ४-१ से जीत हासिल की।
हालांकि, साहिल दुहान (६० किलोग्राम) को हार का सामना करना पड़ा। साहिल को फ्रांस के डेविड हारुत्युन्यान के खिलाफ १-४ से हार का सामना करना पड़ा।
पांच मुक्केबाजों के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत ने अब टूर्नामेंट में कम से कम ५ पदक पक्के कर लिए हैं। इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के युवा प्रतिभाशाली मुक्केबाज 'यूथ ओलंपिक' की वेट कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। बैंकॉक में ८ से १५ मार्च तक आयोजित हो रहा वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप युवा एथलीटों के लिए विकास का एक महत्वपूर्ण मंच है, क्योंकि उन्हें भविष्य की वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए मूल्यवान अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल रहा है।
भारतीय दल अब आगामी मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य बनाएगा। गुरुवार को भी भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा था। गुंजन, राधामाणी लोंगजाम, और चंद्रिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले जीते थे। गुंजन ने पोलैंड की बॉक्सिंग प्रतियोगी को ५-० से हराया था, जबकि लोंगजाम ने पहले ही राउंड में आरएससी के जरिए इक्वाडोर की अपनी प्रतिद्वंद्वी को हराया था।