आईपीएल 2026: आरसीबी की संतुलित बैटिंग और मजबूत बॉलिंग अटैक, खिताब की रक्षा के लिए कितनी तैयार?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 22 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। 'आईपीएल 2026' में रजत पाटीदार के नेतृत्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) खिताब की रक्षा के लिए तैयार है। पिछले सीज़न ने आरसीबी ने 18 वर्षों का सूखा समाप्त करते हुए पहली बार ट्रॉफी जीती थी। इस बार भी आरसीबी की टीम काफी संतुलित नजर आ रही है।
विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी ने आईपीएल 2025 में अपनी छाप छोड़ी थी। कोहली ने 15 मैचों में 657 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं साल्ट ने भी टीम को दमदार शुरुआत दी। देवदत्त पडिक्कल की हालिया फॉर्म भी शानदार रही है। रजत पाटीदार अपनी बल्लेबाजी पोजीशन नंबर चार पर भी बेहतरीन काम कर रहे हैं। वेंकटेश अय्यर के आगमन से टीम का बैटिंग ऑर्डर और भी मजबूत हुआ है। क्रुणाल पांड्या ने पिछले सीज़न में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इस बार भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
फिनिशर की भूमिका में आरसीबी के पास टिम डेविड, जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड मौजूद हैं। डेविड ने आईपीएल 2025 में कुछ शानदार पारियां खेली थीं और जितेश भी बेहतरीन फॉर्म में थे। टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में नहीं शामिल होने वाले जितेश के पास इस सीज़न में खुद को साबित करने का शानदार अवसर है।
गेंदबाजी विभाग में आरसीबी का अटैक भी इस सीज़न में मजबूत है। भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। हालांकि, जोश हेजलवुड की शुरुआती मैचों में अनुपस्थिति आरसीबी के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। हेजलवुड ने पिछले सीज़न में नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था। यश दयाल पर भी काफी दबाव होगा। हेजलवुड की अनुपस्थिति में टीम जैकब डफी को आजमा सकती है।
स्पिन विभाग में सुयश शर्मा का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में बेहद प्रभावशाली था। सुयश ने खासतौर पर मिडिल ओवरों में किफायती गेंदबाजी की थी। क्रुणाल की घूमती गेंदों ने भी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था। कुल मिलाकर आरसीबी आईपीएल 2026 के लिए एक संतुलित टीम के रूप में उभर रही है, हालांकि हेजलवुड की कमी टीम के लिए चुनौती बन सकती है।
आरसीबी का स्क्वॉड: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, स्वप्निल सिंह, क्रुणाल पांड्या, जितेश शर्मा, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्टवाल, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, जैकब डफी, वेंकटेश अय्यर, सुयश शर्मा, अभिनंदन सिंह, रसिख सलाम, नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, जैकब बेथेल और रोमारियो शेफर्ड।