आईपीएल 2026: एसआरएच ने केकेआर को 65 रन से हराकर पहली जीत हासिल की
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 2 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने गुरुवार को ईडन गार्डन्स में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के छठे मुकाबले में केकेआर को 65 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही एसआरएच ने अपने जीत के खाते को खोला, जबकि केकेआर को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा।
टॉस हारने के बाद एसआरएच की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए। टीम को शुरुआत में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी से शानदार शुरुआत मिली, जिन्होंने 5.4 ओवरों में 82 रन की साझेदारी की।
ट्रेविस हेड ने 21 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके थे।
सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद एसआरएच ने तेजी से विकेट खोए। 9.2 ओवरों में उनका स्कोर 118/4 था। यहां से हेनरिक क्लासेन ने नितीश रेड्डी के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन जोड़कर टीम को दोहरे शतक के करीब पहुँचाया।
क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि नितीश रेड्डी ने 39 रन का योगदान दिया। केकेआर की तरफ से ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट चटकाए। कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट लिया।
इसके जवाब में केकेआर की टीम 16 ओवरों में महज 161 रन पर ढेर हो गई। फिन एलन ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ 1.3 ओवरों में 30 रन की साझेदारी की। एलन ने केवल 7 गेंदों में 28 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल थे।
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने कप्तान के साथ मिलकर 21 गेंदों में 37 रन जोड़े। रहाणे ने 8 रन का योगदान दिया। अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। रिंकू ने 35 रन बनाए, जबकि अंगकृष ने 29 गेंदों में 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में असफल रहे।
एसआरएच के खेमे से जयदेव उनादकट ने 3 विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और नितीश रेड्डी ने 2-2 विकेट लिए। हर्ष दुबे ने 1 विकेट लिया।