आईपीएल 2026: बारिश के कारण रुका केकेआर और पीबीकेएस का मुकाबला, केकेआर ने बनाए 25 रन
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच सोमवार को ईडन गार्डन्स में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें मैच में बारिश के कारण खेल रोक दिया गया। इस समय 3.4 ओवर के खेल में केकेआर ने 2 विकेट खोकर 25 रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 1.4 ओवर में फिन एलन (6) का पहला विकेट गंवाया। इसके बाद कैमरून ग्रीन बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने अपनी पहली गेंद पर चौका लगाया, लेकिन अगली गेंद पर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमा दिया।
जेवियर बार्टलेट ने एक ही ओवर में दो सफलताएं हासिल कीं। अंगकृष रघुवंशी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन 3.4 ओवर के बाद बारिश ने खेल को रोक दिया। कप्तान रहाणे ने 6 गेंदों में 1 चौके के साथ 8 रन बनाए, जबकि रघुवंशी 7 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद हैं।
केकेआर ने इस मैच में दो बदलाव किए हैं। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की जगह रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, जबकि पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
केकेआर इस मैच में जीत का खाता खोलने की उम्मीद कर रही है। इस टीम ने इस सीजन के पहले दो मुकाबले हारकर 9वें स्थान पर है। पहले मैच में इस टीम को मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से हराया और उसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रन से मात दी। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स जीत की हैट्रिक बनाने की कोशिश में है। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना पहला मैच 3 विकेट से जीता और फिर चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया।
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।