क्या दो दिग्गजों को 'एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी' से सम्मानित होते देखना अद्भुत नहीं है?: जय शाह
सारांश
मुख्य बातें
लीड्स, 20 जून (राष्ट्र प्रेस)। आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) के अध्यक्ष जय शाह ने भारत और इंग्लैंड के महान खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन को 'एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी' से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। दोनों देशों के बीच आयोजित होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज इसी ट्रॉफी के लिए खेली जाएगी।
शुक्रवार से शुरू होने वाली यह सीरीज भारत और इंग्लैंड के लिए अगले 'आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27' चक्र की शुरुआत का प्रतीक भी है।
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नए डब्ल्यूटीसी चक्र की शुरुआत के साथ ही इंग्लैंड और भारत के बीच पुरुषों की टेस्ट सीरीज के लिए 'एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी' से दो महान खिलाड़ियों को सम्मानित होते देखना अद्भुत है। पटौदी परिवार की निरंतर मान्यता भी विशेष है, जिसमें प्रत्येक इंग्लैंड-भारत टेस्ट सीरीज के विजेता कप्तान को प्रदान किए जाने वाले पटौदी पदक की शुरुआत की गई है।"
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इस नई ट्रॉफी का अनावरण किया, जिसमें तेंदुलकर और एंडरसन दोनों की छवि शामिल है। साथ ही, दोनों दिग्गजों के हस्ताक्षर भी उकेरे गए हैं।
पटौदी परिवार के नाम पर पूर्व में 'पटौदी ट्रॉफी' का नाम रखा गया था। अब इसको पटौदी पदक के माध्यम से सम्मानित करने की परंपरा जारी रहेगी। यह नया सम्मान सीरीज के विजेता कप्तान को प्रदान किया जाएगा।
भारत के दिग्गज बल्लेबाज तेंदुलकर 200 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2013 में इस प्रारूप में 15,921 रन बनाकर अपने करियर का समापन किया था। उनका यह रिकॉर्ड अभी तक कायम है, जिसमें 51 शतक शामिल हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कुछ यादगार पारियां खेली हैं, जिसमें 51.73 की औसत से 2,535 रन बनाए हैं। हेडिंग्ले में उनका उच्चतम स्कोर 193 रन है, जहाँ शुक्रवार को पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा।
वहीं, 188 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने वाले एंडरसन ने पिछले वर्ष अपने करियर को समाप्त किया, जिसमें उन्होंने 704 विकेट लिए, जो इस प्रारूप में तीसरा सबसे अधिक है।
तेज गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 39 टेस्ट में 25.47 की औसत से 149 विकेट हासिल किए, जिसमें छह बार पांच विकेट लेने का प्रदर्शन भी शामिल है।