कप्तान रहाणे ने सीजन की पहली जीत के बाद रिंकू, अनुकूल और वरुण की सराहना की
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। 'आईपीएल-2026' के 28वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 4 विकेट से मात दी। ईडन गार्डन्स के मैदान पर मिली इस सीजन की पहली जीत से केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे बेहद प्रसन्न नजर आए।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस जीत के बाद कप्तान रहाणे ने कहा, "यहां आकर सच में बहुत खुशी हो रही है। बहुत अच्छा लग रहा है। मैच के दौरान कई भावनाएं उमड़ रही थीं। मैं रिंकू, अनुकूल और वरुण के लिए सच में बहुत खुश हूं। वरुण ने शानदार गेंदबाजी की। अनुकूल का घरेलू टूर्नामेंट बेहतरीन रहा था। हमने ज्यादातर प्रैक्टिस सेशन में आपस में चर्चा की है। यह स्थिति को ठीक से समझने के बारे में है।"
उनके अनुसार, "यह जीत हमें आत्मविश्वास देगी। गेंदबाजों के बीच अच्छा तालमेल बन रहा है। बल्लेबाजी में हमें अभी सुधार की आवश्यकता है। कार्तिक त्यागी ने वास्तव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमने जो प्रैक्टिस मैच खेले हैं, तब से ही वह स्पष्ट रहे हैं कि मैदान में उन्हें क्या करना है। वह युवा हैं, लेकिन उनमें जो आत्मविश्वास है, वह अद्भुत है। एक तेज गेंदबाज के रूप में उनका आत्मविश्वास देखकर सच में बहुत खुशी होती है। अभी और सीखना बाकी है।"
हालांकि, रहाणे ने स्वीकार किया कि टीम के बल्लेबाजों को अपने प्रदर्शन में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "बल्लेबाजी में पिछले तीन मुकाबलों में हमारा पावरप्ले अच्छा नहीं रहा है। कभी-कभी मुझे लगता है कि स्ट्राइक रेट को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है। हमने देखा कि इस मैच में क्या हुआ। एक बल्लेबाजी यूनिट के रूप में हमें तेजी से सीखने की जरूरत है। अब हमें पांच या छह अतिरिक्त दिन मिलेंगे। हमारे ड्रेसिंग रूम का माहौल शानदार है। प्रशंसकों ने शुरुआत से ही जोरदार समर्थन दिया है। पिछले पांच मैच हमारे लिए वास्तव में खराब रहे थे। यह जीत फैंस के लिए है। वे बहुत सकारात्मक और शानदार रहे हैं। उनसे आपको सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।"
वरुण चक्रवर्ती का गेंदबाजी प्रदर्शन अद्भुत रहा। उन्होंने 4 ओवर में केवल 14 रन खर्च कर 3 बड़े विकेट अपने नाम किए। वहीं, कार्तिक त्यागी भी बेहतरीन फॉर्म में दिखे और 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। राजस्थान रॉयल्स द्वारा दिए गए 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर टीम एक समय 85 के स्कोर पर 6 विकेट खोकर संकट में थी।
हालांकि, रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी कर टीम को सीजन की पहली जीत दिलाई। रिंकू ने 34 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए और नाबाद रहे। वहीं, अनुकूल ने 16 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।