आईपीएल 2026: केकेआर की बल्लेबाजी में ताकत, तेज गेंदबाजी पर सवाल, किस तरह की तैयारी?
सारांश
Key Takeaways
- आईपीएल 2026 का प्रारंभ 28 मार्च से होगा।
- केकेआर की बल्लेबाजी में कई शानदार बल्लेबाज हैं।
- तेज गेंदबाजी के मामले में चिंता बनी हुई है।
- अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम की टीम रणनीति महत्वपूर्ण होगी।
- स्पिन विभाग में केकेआर की मजबूत जोड़ी है।
नई दिल्ली, 19 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) इस बार कागज पर बहुत मजबूत नजर आ रही है। टीम में कई शानदार बल्लेबाज शामिल हैं, लेकिन तेज गेंदबाजी के मामले में केकेआर को चिंता हो सकती है।
पिछले सीजन में केकेआर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम ने आईपीएल 2025 में 14 मैचों में से केवल 5 जीते थे, जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन के लिए केकेआर का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत दिखाई दे रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाने वाले फिन एलन केकेआर की पारी की शुरुआत कर सकते हैं। एलन के साथ टिम सीफर्ट और रचिन रविंद्र जैसे दूसरे दमदार सलामी बल्लेबाज भी टीम में हैं। सीफर्ट की हालिया फॉर्म भी असाधारण रही है।
मध्यक्रम में पारी को संवारने के लिए केकेआर में कप्तान अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, अंगकृष रघुवंशी और राहुल त्रिपाठी जैसे काबिल बल्लेबाज हैं। पिछले सीजन में रहाणे ने 13 मैचों में 147 के स्ट्राइक रेट से 390 रन बनाए थे। वहीं, अंगकृष ने 12 मैचों में 139 के स्ट्राइक रेट से 300 रन बनाए। आंद्रे रसेल की अनुपस्थिति के बावजूद, केकेआर के पास निचले क्रम में भी शानदार बल्लेबाज हैं। कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल और रमनदीप सिंह अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी कर किसी भी मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।
हालांकि, केकेआर का पेस अटैक इस सीजन कमजोर नजर आ रहा है। ऑक्शन में टीम ने कुछ उत्कृष्ट गेंदबाजों को खरीदा था, लेकिन मथीशा पथिराना चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं, जो केकेआर के लिए एक बड़ा झटका है। इसके अलावा, मुस्ताफिजुर रहमान की सेवाएं भी इस सीजन में नहीं मिल पाएंगी। भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़े राजनीतिक तनाव के चलते केकेआर को उन्हें छोड़ना पड़ा था।
हर्षित राणा भी चोट के कारण इस सीजन में केकेआर के लिए खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे। इस बार ब्लेसिंग मुजारबानी, वैभव अरोड़ा, आकाश दीप और उमरान मलिक पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। केकेआर का स्पिन विभाग काफी मजबूत है। वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की जोड़ी बल्लेबाजों के लिए आईपीएल 2026 में एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। रचिन रविंद्र और अनुकूल रॉय भी गेंद से महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
केकेआर का फुल स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, कैमरून ग्रीन, उमरान मलिक, अनुकूल रॉय, फिन एलन, वरुण चक्रवर्ती, राहुल त्रिपाठी, आकाश दीप, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, कार्तिक त्यागी, मनीष पांडे, रचिन रविंद्र, वैभव अरोड़ा, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, दक्ष कामरा, सार्थक रंजन, सुनील नरेन, प्रशांत सोलंकी, रमनदीप सिंह।