क्या कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में इतिहास रचा?
सारांश
मुख्य बातें
रायपुर, 3 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में एक नया इतिहास लिखा। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी की, जो भारत के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बन गई है।
कोहली-गायकवाड़ की जोड़ी ने इस उपलब्धि के साथ सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 24 फरवरी 2010 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े थे।
रायपुर में आयोजित इस मुकाबले में विराट कोहली ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 102 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 53वां शतक रहा। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों की सहायता से 105 रन बनाए।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 77 गेंदों में शतक पूरा किया, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज वनडे शतक है। इस लिस्ट में यूसुफ पठान शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2011 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में महज 68 गेंदों में शतक बनाया था।
साउथ अफ्रीका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया।
भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 5 विकेट खोकर 358 रन बनाए। विराट कोहली ने 93 गेंदों में 102 रन और ऋतुराज गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 105 रन बनाए, इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 156 गेंदों में 195 रन की साझेदारी की।
इसके अतिरिक्त, कप्तान केएल राहुल ने 43 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए जबकि रवींद्र जडेजा ने 27 गेंदों में 24 रन की नाबाद पारी खेली। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्के जानसेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।