क्या आप जानते हैं वो चार बल्लेबाज, जिनके नाम 'मैनचेस्टर' में सर्वाधिक तीन शतक हैं?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 23 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के 'ओल्ड ट्रैफर्ड' मैदान पर टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला होने जा रहा है। इस मैदान पर टेस्ट फॉर्मेट में केवल चार बल्लेबाज ही तीन शतक जमा सके हैं। आइए, हम इन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
कथबर्ट गॉर्डन ग्रीनिज: वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने 1976 से 1988 के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में चार टेस्ट मैच खेले, जिसमें उनकी पांच पारियों में 100.60 की औसत से कुल 503 रन बने। ग्रीनिज ने इस मैदान पर 223 रन की पारी भी खेली है।
डेनिस कॉम्पटन: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने 1939 से 1955 के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में कुल आठ टेस्ट खेले, जिसमें उनकी 13 पारियों में 81.80 की औसत से 818 रन बने। कॉम्पटन ने इस मैदान पर 158 रन की पारी खेली है और यहां तीन शतकों के अलावा चार अर्धशतक भी बनाए हैं।
एलिस्टेयर कुक: इंग्लैंड के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 2006 से 2017 के बीच यहां कुल आठ टेस्ट खेले, जिसमें उनकी 13 पारियों में 57.08 की औसत से 685 रन बने। इस दौरान कुक ने तीन शतक और उतने ही अर्धशतक जमाए। ओल्ड ट्रैफर्ड में उन्होंने 127 रन की पारी भी खेली है।
एलेक्स स्टीवर्ट: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने 1992 से 2002 के बीच यहां नौ टेस्ट खेले, जिसमें उनकी 14 पारियों में 58.66 की औसत से 704 रन बने। स्टीवर्ट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में तीन शतक और एक अर्धशतक बनाए, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 164 रन की पारी शामिल है।
हालांकि, मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में जो रूट का नाम नहीं है, लेकिन वह इस मैदान पर सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
जो रूट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनकी 19 पारियों में 65.20 की औसत से कुल 978 रन बने हैं। रूट ने यहां 254 रन की पारी खेली है और एक शतक और सात अर्धशतक भी जमाए हैं।