मुंबई बनाम केकेआर: अल्लाह गजनफर का निराशाजनक डेब्यू, बना शर्मनाक रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- मुंबई इंडियंस ने केकेआर के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की।
- अल्लाह गजनफर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
- केकेआर ने पहले बल्लेबाजी में 220 रन बनाए।
- रोहित शर्मा ने 78 रन की पारी खेली।
- गजनफर ने 51 रन खर्च करके रिकॉर्ड बनाया।
मुंबई, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार को मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से मात दी। लेकिन, इस मैच में आईपीएल में डेब्यू करने वाले अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज अल्लाह गजनफर के लिए यह मुकाबला बेहद निराशाजनक साबित हुआ। गजनफर ने इस लीग में डेब्यू करते हुए दूसरे सबसे महंगे स्पेल का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया।
अल्लाह गजनफर ने केकेआर के खिलाफ अपने चार ओवर में बिना विकेट लिए 51 रन खर्च किए। उनकी इकोनॉमी 12.80 थी। आईपीएल में सबसे महंगा स्पेल फेंकने का शर्मनाक रिकॉर्ड प्रयास रे बर्मन के नाम है, जिन्होंने 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 56 रन दिए थे। गजनफर ने केकेआर के खिलाफ अपनी लाइन और लेंथ को भटकाया, जिसका फायदा कोलकाता के बल्लेबाजों ने उठाया। आईपीएल 2025 के ऑक्शन में मुंबई ने उन्हें 4.80 करोड़ रुपए में खरीदा था और आईपीएल 2026 के लिए उन्हें रिटेन किया गया था।
वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस ने केकेआर के खिलाफ अपने उत्कृष्ट रिकॉर्ड को जारी रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन बनाए। टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन बनाये। फिन एलन ने भी 17 गेंदों में 37 रन बनाकर योगदान दिया। लेकिन, अपने घरेलू मैदान पर मुंबई के गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए। बुमराह ने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 35 रन दिए, वहीं हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 39 रन खर्च किए। ट्रेंट बोल्ट ने भी 4 ओवर में 38 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया।
मुंबई ने केकेआर द्वारा दिए गए 221 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। पांच बार की चैंपियन मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन बनाए, जबकि रयान रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 81 रन जोड़े और मैच को पूरी तरह से अपने पक्ष में कर लिया। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन बनाये, वहीं हार्दिक पांड्या ने 11 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 18 रन बनाकर नाबाद रहे।