आईपीएल 2026: आरसीबी ने एमआई को 18 रनों से हराया, रदरफोर्ड की तूफानी पारी बेकार
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार खेल दिखाते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) को 18 रनों से हरा दिया। आरसीबी द्वारा निर्धारित 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर केवल 222 रन बनाए।
आरसीबी से मिले विशाल लक्ष्य का पीछा करने के लिए मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने अच्छी लय दिखाई। हालांकि, हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण रोहित 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए और फिर वापस बल्लेबाजी नहीं कर सके। रिकेल्टन ने 22 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत को बढ़ाने में असफल रहे और उन्होंने 22 गेंदों में 33 रन बनाए। तिलक वर्मा भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 1 रन बना सके।
हार्दिक पांड्या ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेलते हुए 22 गेंदों में 40 रन बनाए, लेकिन वह जैकब डफी के हाथों आउट हो गए। हार्दिक ने इस पारी में 6 चौके और 1 छक्का लगाया। नमन धीर केवल 1 रन बना सके। शेरफेन रदरफोर्ड ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। रदरफोर्ड ने अपनी इस पारी में 1 चौका और 9 छक्के लगाए। सैंटनर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से सुयश शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि जैकब डफी ने 1 विकेट चटकाया।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रन बनाए। फिल साल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली। साल्ट ने इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 20 गेंदों में 53 रन बनाए।
अंत में टिम डेविड ने केवल 16 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए, जबकि जितेश शर्मा ने 10 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में बोल्ट, हार्दिक, सैंटनर और शार्दुल ने 1-1 विकेट लिया। आरसीबी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है, जबकि एमआई को आईपीएल 2026 में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।