आईपीएल 2026: फिन एलन ने पहले ओवर में बनाए 24 रन, नया रिकॉर्ड स्थापित किया
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 2 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ओपनर बल्लेबाज फिन एलन ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ एक धमाकेदार पारी खेली। एलन ने पहले ओवर में डेविड पायने के खिलाफ 24 रन बनाकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। इसके साथ ही वह आईपीएल के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुँच गए।
गुरुवार को एसआरएच के खिलाफ 227 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने पहले ओवर में बिना कोई विकेट खोए 25 रन बनाए। डेविड पायने के ओवर की पहली गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सिंगल लिया। इसके बाद फिन एलन ने लगातार दो गेंदों पर चौके मारे। चौथी और पाँचवीं गेंद पर उन्होंने छक्के लगाए। इस ओवर का अंत चौके के साथ हुआ।
आईपीएल के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में पहले स्थान पर यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए केकेआर के खिलाफ पहले ओवर में 26 रन बनाए थे। इसके पहले, 2021 में पृथ्वी शॉ ने भी केकेआर के खिलाफ पहले ओवर में 24 रन बनाए थे।
तीसरे स्थान पर भी यशस्वी जायसवाल का नाम है, जिन्होंने 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले ओवर में 22 रन बनाए थे। वहीं, नमन ओझा (राजस्थान रॉयल्स बनाम केकेआर) ने 2009 में और सुनील नरेन (केकेआर बनाम राजस्थान रॉयल्स) ने 2018 में पहले ओवर में 21-21 रन बनाए थे।
इस मैच में, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। इस टीम के लिए हेनरिक क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 48 रन का योगदान दिया। इसके अलावा, ट्रेविस हेड ने 46 रन बनाए।
विपक्षी टीम में ब्लेसिंग मुजरबानी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा को 2 सफलताएं मिलीं। कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट लिया।