क्या पाकिस्तान के बांग्लादेश के समर्थन से आईसीसी नाराज हो सकती है?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, २५ जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी२० विश्व कप के संदर्भ में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी के बीच चल रही तकरार में पाकिस्तान की दखलंदाजी उसके लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। पाकिस्तान ने आईसीसी के साथ चल रहे विवाद में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का समर्थन किया है। इससे आईसीसी की नाराजगी बढ़ गई है और वह पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठा सकती है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टी२० विश्व कप के अपने मैच भारत में खेलने से मना कर दिया था और विश्व कप से अपना नाम वापस ले लिया था। आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया है। इस बीच, बांग्लादेश को पाकिस्तान का समर्थन मिलने से यह विवाद और बढ़ गया है। कहा जा रहा है कि यदि यह मामला सुलझता नहीं है, तो पाकिस्तान अपने टूर्नामेंट में भाग लेने के निर्णय की समीक्षा कर सकता है।
आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को आधिकारिक रूप से विश्व कप से बाहर किए जाने के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार ही लेगी।
मोहसिन नकवी ने आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है। एक देश को जब चाहे फैसले लेने का अधिकार है, जबकि अन्य देशों के लिए नियम भिन्न हैं। बांग्लादेश एक महत्वपूर्ण स्टेकहोल्डर है और उसके साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए।
नकवी ने यह भी सवाल उठाया कि जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के लिए वेन्यू बदलने जैसे निर्णय लिए थे, तो बांग्लादेश के मामले में वही नीति क्यों नहीं अपनाई गई। पीसीबी सीधे आईसीसी के अधीन नहीं है, बल्कि पाकिस्तान सरकार के प्रति जवाबदेह है। प्रधानमंत्री अभी पाकिस्तान से बाहर हैं। उनके लौटने पर सरकार इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगी और बोर्ड उन्हीं के निर्देशों का पालन करेगा।
आईसीसी ने नकवी के इस बयान को नकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि रिपोर्टों के अनुसार, नकवी के बयान के बाद आईसीसी पाकिस्तान पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है, जिसमें एशिया कप से संभावित बैन भी शामिल है। यदि पाकिस्तान टी२० विश्व कप से हटने का निर्णय लेता है, तो आईसीसी सभी द्विपक्षीय सीरीज को निलंबित कर सकता है। पाकिस्तान सुपर लीग के लिए विदेशी खिलाड़ियों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने से भी मना किया जा सकता है, और एशिया कप से भी बाहर किया जा सकता है।