टी20 सीरीज: लौरा वोल्वार्ड्ट का शानदार अर्धशतक, भारतीय महिला टीम को पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने हराया
सारांश
Key Takeaways
- दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 51 रन बनाए।
- भारतीय टीम ने 157 रन बनाए लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया।
- श्रेयांका पाटिल ने 2 विकेट लिए।
- दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
- दूसरा मैच रविवार को होगा।
डरबन, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच शुक्रवार को 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन में आयोजित हुआ, जिसमें भारतीय टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। भारतीय टीम की शुरुआत शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने की, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 46 रन बनाए। वर्मा 20 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की सहायता से 34 रन बनाकर आउट हुईं। इसके तुरंत बाद मंधाना भी 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
48 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। रोड्रिग्स ने 29 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुईं। भारतीय टीम के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया, किसी ने भी क्रीज पर मौजूद कप्तान कौर का साथ नहीं दिया।
कप्तान कौर 33 गेंदों पर 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 3, टुमी सेखुखुने ने 2, और एन मल्बा ने 1 विकेट लिए।
158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर प्राप्त कर लिया। पारी की शुरुआत करने आईं कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। एनेरी डर्कसन 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। कोले ट्रायन ने 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत की ओर से श्रेयांका पाटिल ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। अरुंधती रेड्डी और श्री चारणी को 1-1 विकेट मिले।
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।