क्या यूएई को भारत को हराने में 100 साल लगेंगे? : अशोक डिंडा
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 9 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने दावा किया है कि यूएई क्रिकेट टीम को भारतीय टीम को हराने में 100 साल लगेंगे।
राष्ट्र प्रेस के साथ बातचीत में अशोक डिंडा ने कहा, "क्रिकेट एक अनिश्चितताओं का खेल है। इसमें कोई भी टीम जीत या हार सकती है, लेकिन यूएई को भारतीय टीम को हराने में अभी 100 साल का समय लगेगा। भारत को हराने की बात कहने से टीम इंडिया हार नहीं जाएगी। इसके लिए एक मजबूत टीम की आवश्यकता होती है। भारतीय टीम विश्व चैंपियन है और इसे बनाने में बहुत मेहनत लगी है।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय टीम बहुत मजबूत है और प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका का अच्छी तरह से ज्ञान है। सभी खिलाड़ी अपने अनुसार खेलते हैं। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी स्टार हैं और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। यही सबसे महत्वपूर्ण है। अगर शुरुआत में विकेट गिरते भी हैं, तो भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाने की क्षमता रखती है और पहले भी ऐसा कर चुकी है। एशिया कप में भारतीय टीम को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। भारतीय टीम चैंपियन बनकर लौटेगी।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच लालचंद राजपूत यूएई के हेड कोच हैं। उन्होंने एशिया कप की शुरुआत से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा था कि यूएई भारतीय टीम को हराएगी। अशोक डिंडा ने उसी का जवाब दिया है।
एशिया कप 2025 में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई एक ही ग्रुप में हैं। भारत और यूएई का मुकाबला 10 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत और यूएई के बीच अब तक सिर्फ एक ही टी20 मैच खेला गया है। इस मैच में यूएई को करारी हार का सामना करना पड़ा था। यह मैच 3 मार्च 2016 को मीरपुर में खेला गया था। यूएई 20 ओवर में 9 विकेट पर 81 रन बना सकी थी। भारत ने 10.1 ओवर में 82 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया था।