क्या उस्मान ख्वाजा ने संन्यास का ऐलान किया? सिडनी में खेलेंगे अपना आखिरी टेस्ट
सारांश
मुख्य बातें
सिडनी, 2 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय लिया है। सिडनी में 4 जनवरी से प्रारंभ हो रहे एशेज सीरीज के पांचवे टेस्ट में ख्वाजा का यह अंतिम टेस्ट होगा।
ख्वाजा ने शुक्रवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने संन्यास की घोषणा की। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।
ख्वाजा ने कहा, "मैं यह घोषणा करने आया हूं कि सिडनी टेस्ट के बाद मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लूंगा। ईश्वर ने क्रिकेट के माध्यम से मुझे मेरी अपेक्षाओं से अधिक दिया है। उन्होंने मुझे ऐसी यादें दी हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा, ऐसी मित्रता जो खेल से परे है, और ऐसे पाठ जो मुझे यह समझने में मदद करते हैं कि मैं मैदान के बाहर कौन हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "कोई भी करियर केवल एक व्यक्ति का नहीं होता। मुझे मेरे माता-पिता और पत्नी से बहुत सहयोग मिला है। उन्होंने कई त्याग किए हैं जो कभी चर्चा में नहीं आए। मेरे पिता का मुझ पर विश्वास था कि मैं ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलूंगा। इसके लिए धन्यवाद।"
उस्मान ख्वाजा पाकिस्तान मूल के पहले क्रिकेटर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया।
39 वर्षीय ख्वाजा की उम्र, एशेज सीरीज में उनकी फॉर्म और युवा खिलाड़ियों को अवसर देने का समय, उनके संन्यास का एक कारण बन गया है। वर्तमान एशेज सीरीज के चार मैचों में, वह तीन मैचों का हिस्सा रहे हैं। ब्रिसबेन टेस्ट में वह चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। ख्वाजा ने एशेज सीरीज की पांच पारियों में 2, 82, 40, 0, 29 का स्कोर बनाया है। पिछले 15 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है। सिडनी टेस्ट में उनकी कोशिश एक बड़ी पारी खेलकर संन्यास लेने की होगी।
ख्वाजा ने 2011 में टेस्ट और 2013 में वनडे में पदार्पण किया था। 87 टेस्ट की 157 पारियों में 43.39 की औसत से 16 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 6,206 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 232 है। वहीं 40 वनडे की 39 पारियों में 2 शतक और 12 अर्धशतक की सहायता से 1,554 रन उनके नाम हैं। 9 टी20 में 1 अर्धशतक के साथ उन्होंने 241 रन बनाए हैं। ख्वाजा ने आखिरी वनडे 2019 और आखिरी टी20 मैच 2016 में खेला था।