विधानसभा चुनावों की तारीखें घोषित, आईपीएल 2026 के शेष मुकाबलों का शेड्यूल जल्द आएगा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद, अब जल्द ही बाकी आईपीएल शेड्यूल भी जारी किया जाएगा।
राजीव शुक्ला ने 'राष्ट्र प्रेस' से बात करते हुए कहा, "चुनाव कार्यक्रम आज (रविवार) घोषित किया गया है। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे, जबकि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक चरण में मतदान होगा। हम इस घोषणा का इंतजार कर रहे थे। अब हम आईपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकते हैं, क्योंकि कानून-व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती के दृष्टिकोण से इसे रोका गया था। पहले हमने केवल 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अब आगे के मैचों का कार्यक्रम भी जल्द सामने आएगा।"
भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा की। केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
बीसीसीआई ने 11 मार्च को आईपीएल 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी किया था, जो 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच खेला जाएगा। पहले फेज में कुल 20 मैच 10 स्थानों पर होंगे, जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं।
आईपीएल 2026 की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले से होगी। अगले दिन मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा। पहले फेज में चार डबल-हेडर मैच होंगे, जिसमें दिन के मैच 3:30 बजे और शाम के मैच 7:30 बजे से शुरू होंगे।
आईपीएल 2026 का पहला डबल-हेडर 4 अप्रैल को होगा। पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।