क्या यशस्वी जायसवाल के शतक ने संजय मांजरेकर को प्रभावित किया?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, जून 20 (राष्ट्र प्रेस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की प्रशंसा की है। जायसवाल ने हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन शानदार शतक बनाया।
जिओ हॉटस्टार के साथ बातचीत में संजय मांजरेकर ने कहा, "जायसवाल का यह शतक मुझे आश्चर्यचकित नहीं करता। वह ऑस्ट्रेलिया में भी भारत के प्रमुख बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने अपनी ठोस तकनीक का प्रदर्शन किया था, मिचेल स्टार्क जैसे गेंदबाजों के खिलाफ भी वो शानदार खेले थे। इस प्रकार हेडिंग्ले में बनाया गया शतक उसी फॉर्म की निरंतरता है।"
यशस्वी जायसवाल ने 158 गेंदों में एक छक्के और 16 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में नियंत्रण के साथ-साथ शानदार स्ट्रोक प्ले भी देखने को मिला। नए कप्तान शुभमन गिल के साथ उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 129 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
यह लीड्स में किसी भी भारतीय ओपनर का पहला टेस्ट शतक है।
संजय मांजरेकर के साथ चर्चा करते हुए दीप दासगुप्ता ने केएल राहुल की पारी की प्रशंसा की और बताया कि कैसे इंग्लैंड की रणनीति ने डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन के खिलाफ काम किया। उन्होंने कहा कि केएल राहुल ने शानदार खेला, लेकिन जब वो आउट हुए तो गेंद अधिक स्विंग कर रही थी। साई सुदर्शन के खिलाफ इंग्लैंड ने दो लेग-साइड कैचर्स के साथ फील्ड सेट किया, उनकी रणनीति सफल रही और सुदर्शन अपने डेब्यू मैच में खाता भी नहीं खोल सके।
केएल राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए उन्होंने जायसवाल के साथ 91 रन की साझेदारी की।
संजय मांजरेकर बेन स्टोक्स की कप्तानी से प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के कप्तान ने सुदर्शन की कमजोरी को भांप लिया और इसका लाभ उठाने के लिए पूरी ताकत लगा दी। यही बात इस सीरीज को रोमांचक बनाती है। स्टोक्स जिस तरह से नेतृत्व करते हैं, उससे इंग्लैंड के जीतने के मौके 20 प्रतिशत बढ़ जाते हैं। भारत के गिरे शुरुआती तीन विकेट में से दो स्टोक्स ने लिए थे।
टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए युवा कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया।