क्या एयर इंडिया की फ्लाइट में आग लग गई थी जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 22 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। एयर इंडिया की एक फ्लाइट में मंगलवार को अचानक आग लग गई। यह विमान हांगकांग से दिल्ली आ रहा था। एयर इंडिया ने इस घटना की जानकारी दी।
एयर इंडिया एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि आज हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एआई315 में लैंडिंग और गेट पर पार्किंग के तुरंत बाद आग लग गई। यह आग विमान की ऑक्सिलरी पावर यूनिट (एपीयू) में लगी।
यह घटना तब हुई जब यात्री फ्लाइट से उतरने लगे थे और सिस्टम डिजाइन के अनुसार एपीयू स्वचालित रूप से बंद हो गया। इस हादसे से विमान को कुछ नुकसान हुआ। हालांकि, यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से उतर गए।
एयर इंडिया ने कहा कि फ्लाइट को आगे की जांच के लिए रोक दिया गया है और नियामक को सूचित कर दिया गया है।
बता दें कि इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद में उड़ान भरने के बाद कुछ ही देर में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के समय विमान में 242 लोग सवार थे, जिसमें 230 यात्री, 10 केबिन क्रू और 2 पायलट थे। प्लेन क्रैश में केवल एक यात्री को छोड़कर सभी की मौत हो गई।
एयर इंडिया की यह बोइंग 737 पैसेंजर फ्लाइट थी। फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हो रही थी। यह दुर्घटना अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके के पास हुई थी। विमान टेक ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ।