क्या बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाने का बीसीसीआई का फैसला सही है? नीरज कुमार सिंह का समर्थन
सारांश
Key Takeaways
पटना, ४ जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। बीसीसीआई द्वारा कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को हटाने के निर्देश पर बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नीरज कुमार सिंह ने इसे एक उचित कदम बताया है। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के विरुद्ध हो रही घटनाओं को गंभीरता से लिया और बांग्लादेश के बहिष्कार की अपील की।
मंत्री नीरज कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से सही है और देशभर में लोग इसका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ जो अमानवीय और क्रूर घटनाएं हो रही हैं, वह बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश का बहिष्कार होना चाहिए। नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यह केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं होना चाहिए, बल्कि बांग्लादेश पर आर्थिक नाकेबंदी जैसे कठोर कदम भी उठाए जाने चाहिए, ताकि वहां की सरकार पर दबाव डाला जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का लगातार कमजोर होना यह दर्शाता है कि पार्टी अब पतन की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस कितनी भी कमेटियां बना ले या नए चेहरे सामने लाने की कोशिश करे, अब कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी के पास अब ऐसा कोई चेहरा नहीं बचा है, जिसके जरिए वह आगे बढ़ सके।
नीरज कुमार सिंह ने गयाजी में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना पर आरजेडी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आरजेडी को अपराध और गोलीबारी के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध और गोलीबारी की संस्कृति की शुरुआत आरजेडी के शासन में हुई थी।
उन्होंने कहा कि यदि आज कहीं छिटपुट घटनाएं होती हैं तो आरजेडी को अचानक चिंता सताने लगती है। फिलहाल बिहार में सुशासन का राज है और यदि कहीं भी गोलीबारी या अपराध की घटना होती है, तो उस पर तत्परता से और कठोर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपियों को सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।