बिहार में रामनवमी के लिए भव्य तैयारी, महावीर मंदिर का पट खुलने वाला है
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार की राजधानी पटना तथा राज्य के अन्य कस्बों और गांवों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व शुक्रवार को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
रामनवमी के उपलक्ष्य में पटना की सभी सड़कें महावीरी ध्वजा, बैनर, रामनाम पताका और तोरण द्वार से सजाई गई हैं। राज्य के सभी मंदिरों में फूल-मालाओं से सजावट की गई है। पटना जंक्शन के पास स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में इस पर्व के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। महावीर मंदिर का पट शुक्रवार को सुबह दो बजे खोला जाएगा। मंदिर को रोशनी और फूलों से सुसज्जित किया जा रहा है। सजावट के लिए फूल कोलकाता से मंगाए गए हैं।
भगवान की विशेष पूजा और आरती के बाद भक्त हनुमानजी के दोनों विग्रहों का दर्शन कर सकेंगे। इस वर्ष मंदिर में लगभग पांच लाख भक्तों के दर्शन करने की उम्मीद है। मंदिर प्रबंधन ने कहा है कि इस वर्ष रामनवमी के दिन सबसे पहली कतार में लगे दर्शनार्थियों में से 10 भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस साल रामनवमी के अवसर पर 25 हजार किलो नैवेद्यम (विशेष रूप से तैयार प्रसाद) तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए नैवेद्यम खरीदने के कई काउंटर लगाए जा रहे हैं।
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि रामलला के जन्मोत्सव पर फूलों की बारिश कराई जाएगी। मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों की भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जाएगी। पिछले वर्ष की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। इस बार रामनवमी पर 52 झांकियां झंडा लेकर मंदिर पहुंचेंगी।
वीर हनुमान के पूजन का सीधा प्रसारण देखने के लिए 20 एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, जिससे पंक्तिबद्ध श्रद्धालु भी पूजन कार्यक्रम को देख सकें। पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शाम को शोभायात्रा निकाली जाएगी। सभी 52 शोभायात्राएं विभिन्न इलाकों से डाकबंगला चौराहे पहुंचेंगी, जहां इनका स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
इसी बीच, पटना में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महावीर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस बार तीन लेयर में इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और उसके आसपास काफी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग आधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी।