पटना की पहचान रामनवमी महोत्सव से स्थापित करने का प्रयास : नितिन नवीन
सारांश
Key Takeaways
- रामनवमी का उत्सव 27 मार्च को मनाया जाएगा।
- इस साल 52 झांकियां निकाली जाएंगी।
- मुख्य चौक-चौराहों पर राम ध्वज लगाए जाएंगे।
- सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शरबत की व्यवस्था की जाएगी।
- मुख्य मंच पर प्रमुख नेता और नागरिक उपस्थित रहेंगे।
पटना, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पटना श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के संयोजक नितिन नवीन ने सोमवार को बताया कि हर साल की तरह, इस वर्ष भी रामनवमी के अवसर पर भव्य आयोजन की योजना बनाई गई है। उन्होंने 27 मार्च को होने वाली रामनवमी के लिए चल रही तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने बताया कि विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाली मनोरम झांकियों की संख्या इस साल 52 होगी, जो पटना के दीघा से ट्रांसपोर्ट नगर और सिपारा से गायघाट तक की पूजा समितियों द्वारा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि रामनवमी, प्रभु श्री राम के प्राकट्य का उत्सव है, जिसे हर सनातनी को धूमधाम से मनाना चाहिए।
नितिन नवीन ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि पटना की पहचान रामनवमी महोत्सव से हो। इस साल की झांकियों में प्रभु श्री राम के जीवन एवं प्रेरक प्रसंगों का चित्रण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता होगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राम ध्वज लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, सनातन धर्मावलंबियों से अपने घरों पर भी राम ध्वज लगाने की अपील की जा रही है। स्थानीय पूजा समितियों को भी झुग्गी बस्तियों में श्री राम ध्वज की स्थापना के लिए प्रेरित किया गया है। एक लाख विक्रम संवत् कैलेंडर का वितरण भी किया जाएगा।
सजावट के लिए पटना के सभी मुख्य मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए कई सामाजिक संगठनों द्वारा पेयजल और शरबत की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रामनवमी शोभायात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए पटना आएंगे। इसमें मुंबई की प्रसिद्ध बैंड, झारखंड की नृत्य मंडली, काशी से गंगा आरती की टीम, सिख समुदाय के निहंगों द्वारा प्रदर्शन, और बंगाल के चंदन नगर की आकर्षक लाइट से श्री राम चौक डाकबंगला को सजाया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल का मंच प्रभु श्री राम और हनुमान जी की आकृतियों से सजाया जाएगा। इस आयोजन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री, सांसद तथा विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित प्रबुद्ध और वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।