भाजपा सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के लिए तैयार: मनोज तिग्गा
सारांश
मुख्य बातें
कूचबिहार, 5 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। संसद के विशेष सत्र में मोदी सरकार महिला आरक्षण बिल लाने की योजना बना रही है। इस बीच, पीएम मोदी ने कूचबिहार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर की बहनों, विशेषकर पश्चिम बंगाल की बहनों को, 2029 के लोकसभा चुनावों से इस बिल का लाभ प्रदान करने के लिए प्रयासरत हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार ने 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया है। माताओं और बहनों का यह अधिकार पिछले 40 वर्षों से लंबित है, और इसमें अब और देरी उचित नहीं है।
महिला आरक्षण बिल के संदर्भ में भाजपा सांसद मनोज तिग्गा ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य भाजपा सरकार करेगी। भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। हमने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, और आज वह मंदिर बन चुका है। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाना भी हमारी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कई राजनीतिक दल आए और गए, लेकिन किसी ने भी अपना वादा पूरा नहीं किया, हमारी सरकार यह वादा भी पूरा करेगी। निश्चित रूप से आने वाले समय में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। कूचबिहार के मंच से पीएम मोदी ने इसकी घोषणा कर दी है।
भाजपा सांसद ने कहा कि टीएमसी को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, लेकिन जब चुनाव जीतते हैं तो आयोग पर उनका भरोसा लौट आता है। चुनाव हारने पर आयोग पर सवाल उठाना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी जीतती है तो चुनाव आयोग सही हो जाता है, लेकिन भाजपा की जीत पर आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं। हमें चुनाव आयोग और सभी संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है, जबकि टीएमसी, कांग्रेस और अन्य दलों को भरोसा नहीं है। हमें पूरा विश्वास है कि निष्पक्ष चुनाव शुद्ध मतदाता सूची के आधार पर ही होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि मतदान के दिन लोग बिना भय के अपने मत का प्रयोग करेंगे और परिवर्तन के पक्ष में वोट देंगे।