क्या कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हमले रुकेंगे?
सारांश
Key Takeaways
- संघर्ष का कारण: सीमा विवाद और राजनीतिक तनाव।
- हताहतों की संख्या: कई सैनिक और नागरिक मारे गए हैं।
- बेघर लोग: लगभग 2 लाख लोग बेघर हुए हैं।
बैंकॉक, 11 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर संघर्ष एक बार फिर से शुरू हो गया है। हाल ही में, अमेरिकी राष्ट्रपति ने दक्षिण कोरिया में एक शिखर सम्मेलन के दौरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जो अब टूट चुका है। दोनों देश एक-दूसरे पर हालिया हमले के लिए दोषारोपण कर रहे हैं।
सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरसंत कोंगसिरी ने बताया कि कंबोडिया की सीमा पर चल रहे संघर्षों में नौ थाई सैनिक मारे गए हैं और 120 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इस संघर्ष के कारण लगभग 2,00,000 थाई नागरिक बेघर हो गए हैं, जिन्हें शरणार्थी शिविरों में पनाह लेनी पड़ी है। सुरसंत ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि तीन शरणार्थियों की मौत की खबर है, और कुल 849 शरणार्थी शिविरों का निर्माण किया गया है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि थाईलैंड के साथ नए संघर्ष में कम से कम 10 कंबोडियाई नागरिक मारे गए हैं और 60 घायल हुए हैं।
कंबोडियन रक्षा मंत्रालय के अवर सचिव और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने कहा, "10 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है और 60 नागरिक घायल हुए हैं। कंबोडिया-थाईलैंड सीमा पर झगड़ा रविवार दोपहर से फिर से शुरू हो गया है और गुरुवार सुबह तक भी जारी है।"
उन्होंने यह भी कहा कि थाई सेना ने कंबोडियाई क्षेत्र में कई स्थानों पर तोप के गोले दागे हैं।
इस बीच, लगभग 200 अस्पताल और क्लीनिक विभिन्न स्तरों पर प्रभावित हुए हैं। थाईलैंड के दूसरे आर्मी एरिया कमांड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि झड़पें अभी भी जारी हैं, और कंबोडियाई सेना थाईलैंड के उबोन रत्चथानी और सिसाकेट प्रांतों में कई स्थानों पर फायरिंग कर रही है।
—राष्ट्र प्रेस
केके/एबीएम