सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मॉल ऑफ देहरादून में फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ का किया अवलोकन
सारांश
Key Takeaways
- सीएम धामी ने ‘द केरला स्टोरी 2’ फिल्म को समाज में जागरूकता फैलाने का एक साधन बताया।
- समान नागरिक संहिता का लागू होना उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
- धर्मांतरण विरोधी कानून से अवैध धर्मांतरण की घटनाओं में कमी आई है।
- कुंभ मेले की तैयारियों में पूरी तत्परता दिखाई जा रही है।
- युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की गई।
देहरादून, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मॉल ऑफ देहरादून में चर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ का प्रदर्शन देखा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज में हो रही संवेदनशील घटनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता का एक प्रभावशाली माध्यम है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जनसंख्या संतुलन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है, जो समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने में सहायक होगा।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे अवैध और जबरन धर्मांतरण की घटनाओं को प्रभावी तरीके से रोका जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कानून समाज में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सरकार का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को सोचने और समझने का अवसर प्रदान करती हैं, और सरकार ऐसे हर प्रयास का समर्थन करती है। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि कुंभ मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक उत्कृष्ट अनुभव मिले। इस दिशा में हम सभी लोग प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि हम कुंभ मेले की तैयारियों में लगे हुए हैं। किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जा रही है। हम पहले ही तैयारियों का खाका तैयार कर चुके हैं, जिसके अनुसार हम कार्य कर रहे हैं।
सीएम धामी ने आगे कहा कि मैं स्वयं सभी तैयारियों की निगरानी कर रहा हूं। मैं सुनिश्चित कर रहा हूं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी तैयारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न किया जाए। इसके अलावा, हमारे कई शीर्ष अधिकारी भी कुंभ मेले की तैयारियों को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे हुए हैं। जिला स्तर के सभी अधिकारी भी तैयारियों की निगरानी में लगे हुए हैं।