सीएम योगी का बड़ा बयान: मां काली और मां गंगा की पूजा होगी, हर बंगाली करेगा 'जय श्रीराम'
सारांश
Key Takeaways
- सीएम योगी ने बंगाल में मां काली और मां गंगा की पूजा का संकल्प लिया।
- टीएमसी पर देशद्रोही मंसूबों का आरोप लगाया गया।
- बंगाल की पहचान को संकट में डालने की बात कही गई।
- बंगाल के विकास की दिशा में भाजपा की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
- राजनीतिक हत्याओं और हिंसा का मुद्दा उठाया गया।
पूर्वी मेदिनीपुर, १२ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल की चुनावी रैलियों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अपनी तीसरी सभा में कहा कि कोलकाता का मेयर दावा करता है कि यहाँ की आधी जनसंख्या उर्दू बोलेगी, जबकि मैं कहना चाहता हूँ कि यहाँ के लोग केवल बांग्ला बोलेंगे। यहाँ पर कट्टरपंथी संस्कृति को स्थान नहीं दिया जाएगा। कोई भी व्यक्ति बंगाल की संस्कृति, आन-बान और शान से खिलवाड़ नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बंगालवासियों के साथ खड़ा है। हम टीएमसी के देशद्रोही इरादों को सफल नहीं होने देंगे। जिस तरह से भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यूपी को अराजकता, दंगा और कर्फ्यू मुक्त बनाया है, हम बंगाल को भी उसी दिशा में ले जाएंगे। बंगाल एक ऐसा भूमि है जो तूफानों से टकराकर भी कभी हार नहीं मानती। उन्होंने गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, जगदीश चंद्र बसु, स्वामी प्रणवानंद, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का एक देश-एक संविधान का सपना अब पीएम मोदी द्वारा पूरा किया गया है। अब बंगाल का युवा भी कश्मीर में संपत्ति खरीद सकता है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि ममता दीदी को राम नाम से नफरत है। वह रामनवमी की शोभायात्रा को नहीं निकलने देती हैं। दुर्गापूजा में बाधा डालती हैं और ईद पर गोहत्या की छूट देती हैं। वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को यहाँ लाती हैं। बांग्लादेश में निर्दोष हिंदुओं की हत्या पर वह मौन रहती हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार इसे स्वीकार नहीं करेगी। भारत में मां काली और मां गंगा की पूजा होगी और बंगाल का हर नागरिक जय श्रीराम का उद्घोष करेगा।
उन्होंने कहा कि एक समय में भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन रहा बंगाल, अब कांग्रेस, वामपंथियों और पिछले १५ वर्षों से टीएमसी के कारण कंगाल हो गया है। यहाँ चक्रवात में मिली सहायता और गरीबों के हक का पैसा भी टीएमसी के गुंडे हड़प लेते हैं। मछुआरों और किसानों से झूठे वादे किए जाते हैं। यहाँ विकास नहीं, केवल वसूली का तंत्र है। कभी शिक्षा, संस्कृति, कला और उद्योग का केंद्र रहा बंगाल अब बदहाल है। टीएमसी मां-माटी-मानुष का नारा देती है, लेकिन उसका आचरण इससे उलट है। बंगाल में मां रो रही है, माटी घुसपैठियों के कब्जे में जा रही है, मानुष भयभीत है। बंगाल में राजनीतिक हत्याएं, हत्या के प्रयास और बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ हो रहा है।
सीएम योगी ने टीएमसी को तुष्टिकरण, माफियाराज और कट-मनी/करप्शन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और तुष्टिकरण का जवाब केवल भाजपा की डबल इंजन सरकार ही दे सकती है। २०१७ से पहले यूपी में स्थिति इससे भी खराब थी। हर दूसरे दिन दंगा होता था। २०१७ में भाजपा सरकार बनने के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है। अब सब कुछ सामान्य है। माफिया और आतंकवाद पर यूपी का बुलडोजर धड़धड़ाकर चलता है। बुलडोजर न केवल सड़क बनाता है, बल्कि माफियाओं और बेटियों-बहनों की इज्जत पर हाथ डालने वाले गुंडों की पसलियाँ भी तोड़ता है।
उन्होंने कहा कि यूपी में अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। मस्जिदों में शोरगुल नहीं होता। गोहत्या पर प्रतिबंध है। यूपी में लव जिहाद और लैंड जिहाद नहीं है। यह रामराज्य की स्थापना की भूमि है। कांग्रेस, टीएमसी, सपा और राजद ने राम मंदिर का विरोध किया, लेकिन राम भक्तों के कारण अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया। जिस दिन १४५ करोड़ का भारत पीएम मोदी की आवाज में आवाज मिलाएगा, भारत विरोधी ताकतों के हौसले पस्त हो जाएंगे और हर घर पर भगवा लहराता दिखाई देगा।
सीएम योगी ने कहा कि तृणमूल ने बंगाल की पहचान को संकट में डाल दिया है। पीएम मोदी गरीबों के मकान, राशन, स्वास्थ्य, किसान और गांव के विकास के लिए जो पैसा भेजते हैं, वह पैसा टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं। आज यूपी में ४० हजार बड़े उद्योग और ९६ लाख एमएसएमई यूनिट काम कर रही हैं। हमने एमएसएमई में ३ करोड़, बड़े उद्योगों में ६५ लाख और सरकारी विभागों में ९ लाख से अधिक युवाओं को नौकरी दी है। बंगाल की तृणमूल सरकार बताए कि १५ वर्षों में कितने युवाओं को नौकरी दी गई है। १२ हजार एमएसएमई यूनिट बंद हो गई हैं और बड़े पैमाने पर बंगाल से उद्योग पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में प्रसिद्ध बंगाल अब अपराध की राजधानी के रूप में पहचाना जा रहा है। यह टीएमसी की अराजकता के चलते बदनुमा धब्बा बनकर पहचान के लिए मोहताज हो रहा है। टीएमसी सरकार देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है और यहाँ की जनसंख्या का ढांचा बदलने की कोशिश कर रही है। बांग्लादेश सीमा पर ५७० किलोमीटर की फेंसिंग के लिए केंद्र सरकार ने पैसा दिया है, लेकिन टीएमसी सरकार क्लीयरेंस नहीं दे रही, क्योंकि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को यहाँ लाकर आपके हक पर डाका डालना चाहती हैं।
सीएम योगी ने कहा कि हमें फिर से बंगाल की पहचान को स्थापित करना है। उसे देश के समृद्धतम राज्यों में खड़ा करना है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आह्वान पर बंगाल से जो आवाज उठी, पूरे देश ने उसका अनुसरण किया। आज के बंगाल को देखकर मन द्रवित होता है। भविष्य को लेकर चिंता होती है। इस चुनाव के जरिए बंगालवासियों के पास अवसर है कि वे यहाँ की जनसंख्या को बदलने नहीं देंगे। यूपी में सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाया है और डबल इंजन सरकार बनने पर यही काम बंगाल में भी होगा।