रामकृपाल यादव का बयान- बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का है विश्वास, टीएमसी पर भ्रष्टाचार का आरोप
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने यह स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने बंगाल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां केवल भ्रष्टाचार और अत्याचार का आलम है। इस बार जनता टीएमसी को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
पांच राज्यों के चुनावों पर रामकृपाल यादव ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, "पांच राज्यों में चुनाव चल रहा है। एनडीए की सरकार बनेगी। ख़ासकर बंगाल में भाजपा की सरकार की स्थापना तय है। पिछले 15 वर्षों से बंगाल में कुशासन चल रहा है। ममता बनर्जी की सरकार से लोग ऊब चुके हैं।"
उन्होंने कहा कि राज्य में केवल भ्रष्टाचार और अत्याचार का सामना करना पड़ा है। बंगाल विकास के मामले में बहुत पीछे जा चुका है। जिस दिन मौका मिलेगा, जनता अपने वोट के जरिए टीएमसी को उखाड़ फेंकेगी।
घुसपैठियों के मुद्दे पर रामकृपाल यादव ने कहा, "बंगाल की सरकार घुसपैठियों को संरक्षण देने में पारंगत है। टीएमसी सरकार में राज्य में घुसपैठिए फल-फूल रहे हैं। हमारी सरकार आएगी तो उन घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा। हमारे देश की संपत्ति पर देश की जनता का अधिकार है, किसी बाहर के घुसपैठिए का अधिकार नहीं है। इसलिए भाजपा सरकार की ओर से कड़े कदम उठाए जाएंगे।"
बंगाल में केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर रामकृपाल यादव ने कहा, "जिस राज्य में न्यायिक अधिकारी सुरक्षित न हों, वह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। बंगाल में कानून का राज नहीं, बल्कि गुंडों और अपराधियों का राज है। वहां संविधान का पालन करने वाला कोई नहीं है।"
वहीं, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच खींचतान पर मंत्री ने कहा, "लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। केजरीवाल को क्या परेशानी हुई है, इस पर हम कुछ नहीं कह सकते, लेकिन यह निश्चित है कि वे अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुलाम बनाए रखना चाहते हैं।"