रामकृपाल यादव का ममता बनर्जी के बयान पर तीखा जवाब, पीएम मोदी की संघर्ष यात्रा का जिक्र
सारांश
Key Takeaways
- पीएम मोदी ने झालमुड़ी खाकर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं।
- रामकृपाल यादव का ममता बनर्जी के पब्लिसिटी स्टंट पर तीखा जवाब।
- तेज प्रताप ने आरजेडी में टूट की संभावना जताई।
- बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अपने विवेक से निर्णय लिया।
- योगी आदित्यनाथ ने ममता पर आरोप लगाया।
पटना, 21 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दुकान से झालमुड़ी का स्वाद चखा, जिसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पब्लिसिटी स्टंट करार दिया। ममता के इस बयान पर भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि पीएम मोदी सोने का चम्मच लेकर नहीं पैदा हुए। वे गरीबी से लड़ते हुए यहाँ तक पहुँचे हैं। उन्होंने झालमुड़ी खाकर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।
राजद में टूट को लेकर तेज प्रताप के बयान पर रामकृपाल यादव ने कहा कि तेज प्रताप जो भी महसूस करते हैं, वह उसे व्यक्त करते हैं। यदि उन्होंने ऐसा कहा है, तो राष्ट्रीय जनता दल में अवश्य कुछ गड़बड़ है। आरजेडी में स्थिति ठीक नहीं है।
रामकृपाल यादव ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी पार्टी के नेता हैं और कांग्रेस का इतिहास दबाव बनाकर काम निकालने का रहा है। यही उनकी मानसिकता है। नीतीश कुमार द्वारा बिहार सीएम पद छोड़ने पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया है। यह सब जानते हैं कि नीतीश कुमार ने अपने विवेक से निर्णय लिया है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाने पर रामकृपाल यादव ने कहा कि योगी का आरोप सही है। ममता बनर्जी ने उन लोगों को प्राथमिकता दी है, जिनसे उन्हें वोट बैंक की उम्मीद रही है। बंगाल की जनता इस बात को समझ चुकी है, और भविष्य में टीएमसी की सरकार गिरने की संभावना है, भाजपा की सरकार बनेगी।
जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को केस से हटने की अरविंद केजरीवाल की अपील पर रामकृपाल यादव ने कहा कि भारत का संविधान अपनी गरिमा रखता है। न्याय की कुर्सी पर बैठे व्यक्तियों पर अब तक किसी ने भी उंगली नहीं उठाई है। अरविंद केजरीवाल एक जागरूक नागरिक और राजनेता हैं, उन्हें उस कोर्ट पर उंगली उठाने का कोई हक नहीं है, जहाँ उनकी सुनवाई हो रही है। न्याय प्रक्रिया पर सभी को विश्वास होना चाहिए। उनके द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है।
सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे पर रामकृपाल यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी अब मुख्यमंत्री बन गए हैं और स्वाभाविक रूप से अपने वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे।