दिल्ली सरकार 20 नई जेरियाट्रिक एम्बुलेंस लॉन्च करने जा रही है: स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह
सारांश
Key Takeaways
- 20 जेरियाट्रिक एम्बुलेंस का शुभारंभ
- वरिष्ठ नागरिकों की चिकित्सा जरूरतों को ध्यान में रखा गया है
- आपातकालीन सेवाओं में बढ़ोतरी
- स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 13,034 करोड़ रुपए का बजट
- दिल्ली सरकार की समावेशी स्वास्थ्य प्रणाली
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली सरकार अपने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जल्द ही 20 अत्याधुनिक 'जेरियाट्रिक एम्बुलेंस' का शुभारंभ करने जा रही है। ये एम्बुलेंस खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों की चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की गई हैं। सभी एम्बुलेंस में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए रिस्पॉन्स टाइम में सुधार होने के साथ ही बेहतर प्री-हॉस्पिटल देखभाल सुनिश्चित होगी।
वर्तमान में, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज़ (सीएटीएस) अपने सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम (टोल-फ्री नंबर 102) के माध्यम से राजधानी में 331 एम्बुलेंस का संचालन कर रही है, जो 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम से भी जुड़ी हुई हैं। 20 जेरियाट्रिक एम्बुलेंस के जुड़ने से दिल्ली में कुल एम्बुलेंस की संख्या बढ़कर 351 हो जाएगी, जिससे आपातकालीन सेवाओं की मजबूती में और बढ़ोतरी होगी। दिल्ली सरकार अपने एम्बुलेंस बेड़े को चरणबद्ध तरीके से 1000 तक बढ़ाने की योजना बना रही है, ताकि दिल्ली के लिए एक सशक्त और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आपातकालीन नेटवर्क तैयार किया जा सके।
यह पहल दिल्ली सरकार के उस विज़न का हिस्सा है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और ज्यादा सुलभ, प्रभावी और सशक्त बनाया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 13,034 करोड़ रुपए के बजट का आवंटन किया है। साथ ही, सरकारी अस्पतालों में अधूरे पड़े प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने और क्रिटिकल केयर सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सीएटीएस जैसी आपातकालीन सेवाओं को एक मजबूत आधार मिल सके।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने इस पहल पर बोलते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक 'जेरियाट्रिक एम्बुलेंस' सेवा की शुरुआत हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत हम दिल्ली के हर नागरिक, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली का निर्माण करना चाहते हैं जो समावेशी और बुजुर्ग आबादी की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील हो। आधुनिक लाइफ-सपोर्ट सिस्टम से लैस ये एम्बुलेंस समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगी। साथ ही, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम अस्पतालों के बुनियादी ढांचे और क्रिटिकल केयर सुविधाओं को और अधिक सशक्त कर रहे हैं, ताकि आपातकालीन सेवाएं ग्राउंड लेवल पर गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ सहजता से जुड़ सकें।
उन्नत आपातकालीन सेवाओं और स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर में निरंतर सुधार के माध्यम से हमारी सरकार एक अधिक प्रभावी, समावेशी और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है, जिसमें खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और उनके कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।