दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बड़ा परिवर्तन: तेज आंधी, बारिश, और ओलावृष्टि का अलर्ट
सारांश
Key Takeaways
- दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बड़ा बदलाव आ रहा है।
- पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज आंधी और बारिश की संभावना।
- किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की सलाह।
- नागरिकों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
- आने वाला सप्ताह राहत और सतर्कता दोनों लेकर आएगा।
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय मौसम विभाग के हालिया पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौसम में एक महत्वपूर्ण बदलाव आने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पूरे सप्ताह आंधी, बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 80 से 45 प्रतिशत के बीच रहेगी। आज का पूर्वानुमान "थंडरस्टॉर्म विथ रेन," यानी गरज-चमक के साथ बारिश का है, लेकिन अभी किसी औपचारिक चेतावनी का ऐलान नहीं किया गया है।
4 अप्रैल को भी मौसम की यही स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से दोपहर और शाम के समय के लिए अलर्ट जारी किया है। दोपहर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। शाम के समय भी यही स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
5 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तापमान 31 डिग्री (अधिकतम) और 18 डिग्री (न्यूनतम) रहने की संभावना है, जबकि ह्यूमिडिटी 85 से 45 प्रतिशत के बीच रहेगी। 6 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत देखने को मिल सकती है। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। तापमान 31 डिग्री/17 डिग्री रहने की संभावना है। इस दिन कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
7 अप्रैल को मौसम फिर से करवट लेगा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तापमान 33 डिग्री/18 डिग्री रहने वाला है। वहीं, 8 अप्रैल को तापमान 31 डिग्री/17 डिग्री रहने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में यह बदलाव हो रहा है। इसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि तेज आंधी और बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और अनावश्यक यात्रा से बचें।
किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। आने वाला सप्ताह एनसीआर के लिए मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है, जहां गर्मी के बीच बारिश और तेज हवाएं लोगों को राहत देंगी और सतर्क भी रखेंगी।