दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मादक पदार्थों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- दिल्ली पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया।
- तस्करों के पास से 115 ग्राम चरस, 35 ग्राम स्मैक और 5 ग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ।
- यह कार्रवाई गाज़ीपुर थाना क्षेत्र में की गई।
- पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।
- नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली के पूर्वी जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के अंतर्गत स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चरस, स्मैक और हाइब्रिड गांजा की एक बड़ी मात्रा बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गाज़ीपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहाँ नियमित गश्त और निगरानी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान देते हुए टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। स्पेशल स्टाफ की टीम 9 अप्रैल को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान, रोड नंबर 109, शरमनाथ बैंड के सामने, गांव घड़ोली इलाके में दो युवक संदिग्ध स्थिति में नजर आए।
पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, जिससे शक बढ़ गया। तत्पर पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 115 ग्राम चरस, 35 ग्राम स्मैक और 5 ग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक ने किया। टीम में एसआई अमन, हेड कांस्टेबल विशाल, सनी, हिमांशु, नरेश और कांस्टेबल हिमांशु, राजीव व सानोज शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार की निगरानी में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम जैन (31), निवासी गुलाब वाटिका, लोनी रोड (उत्तर प्रदेश) और राहुल कुमार (22), निवासी शिव विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों एक ही गेस्ट हाउस (करावल नगर, दिल्ली) में काम करते थे। शुभम जैन वहाँ रिसेप्शनिस्ट और राहुल कुमार सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर आसानी से पैसे कमाने के लिए इस अवैध धंधे में शामिल हुए थे। पुलिस अब उनके सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। इस संदर्भ में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में थाना गाज़ीपुर में एफआईआर नंबर 125/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20/21/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्वी जिला पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ड्रग तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। पुलिस का कहना है कि समाज से नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।