एमिरेट्स एयरलाइंस ने दुबई की उड़ानें फिर से शुरू की: यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
सारांश
मुख्य बातें
अबू धाबी, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। एमिरेट्स एयरलाइंस ने दुबई की उड़ानों का परिचालन फिर से आरंभ करने का निर्णय लिया है। इससे पूर्व, सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई थीं। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है, इसीलिए यह कदम उठाया गया है।
कंपनी ने बताया कि एमिरेट्स एयरलाइंस शनिवार से अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करेगी। दुबई आने और जाने वाली उड़ानों को कुछ समय के लिए रोकने के बाद, एयरलाइंस अब अपना परिचालन दोबारा शुरू कर रही है।
एक नए बयान में, एयरलाइन ने कहा, "एमिरेट्स अपना परिचालन फिर से शुरू करने जा रही है। जिन यात्रियों ने शनिवार दोपहर की उड़ान के लिए बुकिंग कराई है, वे एयरपोर्ट जा सकते हैं। इसमें वे यात्री भी शामिल हैं जिनकी कनेक्टिंग उड़ानें हैं। एमिरेट्स स्थिति की निगरानी कर रही है, और हम उसी के अनुसार अपना परिचालन शेड्यूल बनाएंगे।"
हालांकि, इससे पहले कंपनी ने सभी उड़ानों को निलंबित करने की सूचना दी थी। एक बयान में कहा गया था कि यात्री और क्रू की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, वैकल्पिक उड़ानें बुक करने का विकल्प भी प्रदान किया गया था।
कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिफंड फॉर्म भरने का विकल्प भी दिया था।
इसी बीच, यूएई का रक्षा मंत्रालय ने कुछ हवाई हमलों की पुष्टि की है। देर रात पूरे शहर में यह बताया गया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में सुनाई देने वाली आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और फाइटर जेट द्वारा ड्रोन और घूमने वाले हथियारों को रोकने का नतीजा थीं।
शनिवार को दुबई में दो धमाके और बहरीन की राजधानी मनामा में एक धमाका सुना गया, जिसके साथ ही इलाकों में सायरन बज उठे। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक एक्स पोस्ट में नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
यह धमाके ऐसे समय में हुए जब ईरान ने उन खाड़ी देशों पर जवाबी हमले जारी रखे हैं, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। दुबई के अधिकारियों ने पहले एक इंटरसेप्शन के बाद मलबा गिरने से होने वाली एक "छोटी घटना" को नियंत्रित करने का दावा किया था।