गाजियाबाद की रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री में लगी आग, दमकल ने समय पर पाया काबू
सारांश
Key Takeaways
- गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में आग लगने से हड़कंप मचा।
- दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया।
- कोई जनहानि नहीं हुई।
- फैक्ट्री में अग्निशामक सुरक्षा व्यवस्था की कमी थी।
- आग लगने का संभावित कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट।
गाजियाबाद, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। गाजियाबाद जनपद के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना 23 फरवरी सुबह लगभग 11:20 बजे सैक्टर ए-1 स्थित प्लॉट नंबर आई-29 पर सामने आई।
सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी (लोनी) फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने देखा कि 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित तीन मंजिला इमारत में संचालित रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री मनमानर्क अपैरल के प्रथम तल पर आग लगी हुई थी। आग के साथ भारी मात्रा में धुआं निकल रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस यूनिट्स ने तत्काल हौज लाइन बिछाकर मोटर फायर इंजन की सहायता से पानी की तेज धारों से आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी दी गई, जिनके निर्देश पर एहतियातन साहिबाबाद फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर भी रवाना किया गया।
हालांकि ट्रॉनिका सिटी की टीम ने धुएं और अत्यधिक तापमान की परवाह किए बिना प्रथम तल पर प्रवेश कर दोनों दिशाओं से पानी की बौछार कर आग को तेजी से नियंत्रित कर लिया। करीब 11:50 बजे आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया, जिसके बाद साहिबाबाद से भेजे गए फायर टेंडर को बीच रास्ते से ही वापस लौटा दिया गया। आग लगने का संभावित कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट हो सकता है। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
हालांकि जांच के दौरान यह पाया गया कि फैक्ट्री में मानकों के अनुरूप अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था स्थापित नहीं थी, जो भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने कपड़ों के रोल्स में सुलग रही दबी हुई आग को भी बाहर निकलवाकर उलट-पलट कर पानी डालकर पूरी तरह बुझाया। लगभग 12:30 बजे तक अग्निशमन और बचाव कार्य समाप्त कर फायर सर्विस यूनिट्स ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घटनास्थल से वापसी की। इस दौरान स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करती रही।