क्या ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक-3 में बदमाशों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सफल रही?
सारांश
मुख्य बातें
ग्रेटर नोएडा, 1 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। गौतमबुद्धनगर जिले में नववर्ष के अवसर पर कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना ईकोटेक-3 पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई।
इस मुठभेड़ में बदमाश को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 1 जनवरी 2026 को थाना ईकोटेक-3 पुलिस टीम कुलेसरा से लखनावली की ओर जाने वाले पुस्ता रोड के आसपास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने रुकने का इशारा नहीं माना और तेज गति से सैनिक विहार सुत्याना की दिशा में भागने लगा। भागते समय उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।
खुद को पुलिस से घिरा देख, बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान इमरान, पुत्र मतलूब, निवासी ग्राम जपनापुर, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
वर्तमान में वह थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर में राहुल के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन, लोहे की छेनीनुमा रॉड और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त इमरान एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल छह मुकदमे शामिल हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हाल के दिनों में किन वारदातों में शामिल रहा है।