ग्रेटर नोएडा में पुलिस और आबकारी विभाग ने पकड़ी 50 लाख की अवैध शराब से भरी ट्रक
सारांश
Key Takeaways
- 50 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की गई।
- ट्रक को लुहारली टोल प्लाजा पर पकड़ा गया।
- तस्करी के लिए चालाकी से शराब छुपाई गई थी।
- पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
- आगे की जांच जारी है।
ग्रेटर नोएडा, 18 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया है। यह कार्रवाई लुहारली टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों के चलते ट्रक को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रक के अंदर से 50 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, यह शराब पंजाब से किसी अन्य राज्य में अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और आबकारी विभाग की नजरों से बचने के लिए चालाकी से शराब की पेटियों को थर्माकोल के नीचे छुपा रखा था। लेकिन टीम की सतर्कता और गहन चेकिंग ने इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश कर दिया।
बरामद शराब में विभिन्न अंग्रेजी ब्रांड की बोतलें और बड़ी संख्या में बियर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शराब बिना किसी वैध दस्तावेज के दूसरे राज्य में भेजी जा रही थी, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो सकता था। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। वाहन को जब्त करके थाना दादरी में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, जिससे आरोपी चालक और इस तस्करी के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस प्रकार की कार्रवाइयों से न केवल तस्करों पर अंकुश लगाया जा रहा है, बल्कि अवैध कारोबार को भी बड़ा झटका दिया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी सख्ती जारी रहेगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।