क्या भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ खुल गया?
सारांश
Key Takeaways
- सेंसेक्स 84,868 पर पहुंचा।
- निफ्टी 25,921 पर है।
- सरकारी बैंकों में खरीदारी का माहौल।
- कमोडिटी बाजार में तेजी का रुख।
- सभी एशियाई बाजार हरे निशान में हैं।
मुंबई, 17 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ शुरुआत की। सुबह 9:23 पर, सेंसेक्स 188 अंक या 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,868 पर और निफ्टी 61 अंक या 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,921 पर था।
प्रारंभिक सत्र में सरकारी बैंकों ने बाजार में तेजी का नेतृत्व किया। निफ्टी पीएसयू बैंक ने 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार किया। इसके साथ ही ऑटो, आईटी, मेटल, एनर्जी, इन्फ्रा और पीएसई भी हरे निशान में थे। हालांकि, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मीडिया लाल निशान में रहे।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप भी हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स ने 71 अंक या 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,807 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 34 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,298 पर कारोबार किया।
सेंसेक्स पैक में इटरनल, एसबीआई, एक्सिस बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर पैसेंजर व्हीकल, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एमएंडएम, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, भारती एयरटेल और आईटीसी गेनर्स रहे। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा, सन फार्मा, बीईएल और टाइटन लूजर्स रहे।
सभी एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार मिलेजुले बंद हुए थे। डाओ जोन्स 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ और नैस्डेक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
कमोडिटी मार्केट में भी तेजी का माहौल है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,351 डॉलर प्रति औंस और चांदी 4.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.015 डॉलर प्रति औंस पर थी।
कीमती धातुओं के साथ डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55.82 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59.61 डॉलर प्रति बैरल पर था।