इजरायल-लेबनान संघर्ष में सीजफायर: उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्रंप की भूमिका की सराहना
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल-लेबनान संघर्ष में घोषित दस दिन का युद्धविराम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ यह सीजफायर शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
उर्सुला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "मैं राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा इजरायल और लेबनान के बीच दस दिन के युद्धविराम की घोषणा का स्वागत करती हूं। यह एक राहत की बात है, क्योंकि इस संघर्ष में पहले ही बहुत सी जानें जा चुकी हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें केवल एक अस्थायी युद्धविराम नहीं चाहिए, बल्कि स्थायी शांति के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है। यूरोप, लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने की पूरी कोशिश करेगा। हम मानवीय सहायता के माध्यम से लेबनान के लोगों का समर्थन करते रहेंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्षविराम और स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।
ट्रंप ने कहा, "दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए गर्व की बात रही है; यह मेरा 10वां प्रयास है।"
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'ट्रुथ सोशल' पर कहा, "अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ एक शानदार बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने सहमति जताई है कि वे अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के युद्धविराम की शुरुआत करेंगे।"
ट्रंप ने बताया, "34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने वाशिंगटन डीसी में हमारे महान विदेश मंत्री, मार्को रुबियो के साथ मुलाकात की। मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रुबियो को 'जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर इजरायल और लेबनान के साथ स्थायी शांति स्थापित करने का निर्देश दिया है। दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए गर्व की बात है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा।"
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने भी इजरायल-लेबनान में संघर्षविराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए, ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके।