जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में युवक ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दी
सारांश
मुख्य बातें
जमशेदपुर, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के जमशेदपुर में स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) अस्पताल में एक युवक ने शुक्रवार को चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरशद आलम के रूप में हुई है।
अरशद आलम वार्ड पार्ट-1 में बेड नंबर 419 पर भर्ती था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, वह नशे का आदी था और इसी कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल में उसकी मां भी तीमारदार के रूप में मौजूद थी। अरशद ने अपनी मां से शौच जाने की बात कही और बेड से उठकर बाहर निकल गया।
कुछ ही मिनटों बाद अस्पताल परिसर में एक तेज आवाज सुनाई दी। जब उसकी मां और अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अरशद को जमीन पर लहूलुहान और गंभीर हालत में देखा। तुरंत उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का बुरा हाल है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन वे सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। यह भी देखना होगा कि एक उपचाराधीन मरीज सुरक्षा घेरे को तोड़कर चौथी मंजिल तक कैसे पहुंचा और छलांग लगाने में सफल हुआ।
पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सही समय और परिस्थितियों का सही आकलन किया जा सके।