खूंटी में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 50 लाख का डोडा बरामद
सारांश
Key Takeaways
- खूंटी में पुलिस ने 50 लाख का डोडा बरामद किया।
- दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- पुलिस कार्यवाही में विशेष छापेमारी दल शामिल था।
- एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
- पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी है।
खूंटी, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के खूंटी जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार दूसरे दिन महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। अड़की थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डोडा (अफीम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल) बरामद किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी थी कि अड़की थाना अंतर्गत ग्राम नौढ़ी के बाबू टोली में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़ी मात्रा में डोडा छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की और तलाशी अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान मौके पर उपस्थित युवक ने खुद को अंकित हजाम उर्फ साजु ठाकुर बताया। पूछताछ में उसने अपने भाई लालू हजाम के साथ मिलकर डोडा के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुल 21 बोरे में 330.21 किलोग्राम डोडा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 49.53 लाख रुपए बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी लालू हजाम को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में अड़की थाना में कांड संख्या 07/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार और कुंदन कुमार सहित अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इससे पहले, 25 मार्च को जरियागढ़ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने 39.79 किलोग्राम डोडा और 6.320 किलोग्राम अफीम बरामद की थी, जिसकी कीमत लगभग 36 लाख रुपए थी। उस मामले में चार आरोपियों संतोष आईंद, जीवन जशमन आईंद उर्फ लेबरे, महादेव टुटी उर्फ मनीष और जाठा संगा उर्फ मुकटरा संगा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।