क्या 2047 तक पीएम और सीएम की कोई वैकेंसी नहीं है? : केशव प्रसाद मौर्य
सारांश
मुख्य बातें
मुजफ्फरपुर, 4 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को महागठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री और बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम देश की सेवा कर रहे हैं और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कार्य कर रहे हैं। इसलिए महागठबंधन को अब ख्वाब देखना बंद करना चाहिए।
राष्ट्र प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आएंगे। एनडीए भारी बहुमत से फिर से सरकार बनाएगा और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री बनेंगे।
तेजस्वी यादव के सीएम पद की शपथ लेने के बयान पर मौर्य ने पलटवार किया और कहा कि सपने देखना अच्छी बात है, लेकिन ये सपने कभी सच नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव यह दावा करते हैं कि बिहार की जनता उन्हें सीएम बनाना चाहती है। लेकिन 2020 में जो माहौल था, वह 2025 में आधा भी नहीं है। किस ताकत से जीतेंगे?
मौर्य ने कहा कि 14 नवंबर को परिणाम आएंगे और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
पहले चरण के मतदान से पहले, चुनावी प्रचार के अंतिम दिन मौर्य ने दावा किया कि 6 नवंबर को पहले चरण के मतदान में एनडीए भारी अंतर से जीत हासिल करेगा। महागठबंधन, राजद, कांग्रेस और अन्य को करारी हार का सामना करना पड़ेगा, मुझे इसका पूरा विश्वास है।
उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग, चाहे वह गरीब हो या अमीर, किसान हो या युवा, महिला हो या पुरुष, गांव का निवासी हो या शहर का, सभी का समर्थन एनडीए उम्मीदवारों के साथ है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर बिहार की जनता का अटूट भरोसा है। यही भरोसा जीत में बदल जाएगा।
विकसित बिहार के विजन पर बोलते हुए मौर्य ने कहा कि विकसित बिहार बनाने, पलायन रोकने, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए एनडीए सरकार फिर से काम करेगी।
बता दें कि पहले चरण की सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है। 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए वोटिंग है और 14 नवंबर को चुनावी परिणाम घोषित किए जाएंगे।