क्या कांग्रेस राजद का नुकसान चाह रही है? पीएम मोदी का बयान छपरा में
सारांश
मुख्य बातें
छपरा, 30 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी बिहार में राजद को अधिकतम नुकसान पहुँचाना चाहती है। इसीलिए उसने बिहार के चुनाव प्रचार में 'बिहार विरोधी नेता' को मैदान में उतारा है। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के कई नेताओं के बिहार की जनता को लेकर दिए गए बयानों की याद दिलाई।
छपरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "लालटेन (राजद) हो, पंजा वाले (कांग्रेस) हों या इंडी गठबंधन के साथी, ये लोग बिहार और बिहारियों का अपमान करते हैं।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के पंजाब के मुख्यमंत्री (चरणजीत सिंह चन्नी) ने एक रैली में कहा कि वे अपने राज्य में बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। उस समय मंच पर गांधी परिवार की एक बेटी (प्रियंका गांधी वाड्रा), जो संसद में बैठती हैं, खुश होकर ताली बजा रही थीं।"
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारियों को गालियाँ देते हैं। तमिलनाडु में डीएमके के लोग बिहार के मेहनतकश लोगों को परेशान करते हैं। लालू प्रसाद यादव की पार्टी पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "इतना कुछ हो रहा है, इस पर राजद को सांप सूंघ जाता है।"
छपरा की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि इस बार चुनाव में कांग्रेस ने सारी सीमाएँ पार कर दी हैं। कांग्रेस के जिन नेताओं ने बिहार की जनता को गालियाँ दीं, उन लोगों को पार्टी ने बिहार में चुनाव प्रचार के लिए बुला लिया है।
उन्होंने कहा, "यह सब कुछ अचानक नहीं हुआ है। यह बिहार के चुनाव में कांग्रेस की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस की मंशा है कि राजद का अधिकतम नुकसान हो। इसलिए कांग्रेस बिहार विरोधियों को बिहार में प्रचार के लिए ला रही है। यह दर्शाता है कि बिहार में राजद-कांग्रेस की लड़ाई कितनी गंभीर होती जा रही है।"
पीएम मोदी ने बिहार में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से कहा, "आपको अपने वोट की कीमत पहचाननी है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि आपके माता-पिता के एक वोट ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई और बिहार को सुशासन की ओर ले गए। ये आपके पिताजी और माताजी के वोट की ताकत थी, अब आपकी बारी है। अब आपके एक वोट से सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है।"
उन्होंने कहा, "बिहार के युवाओं, मैं आपको एक गारंटी देता हूं, 'आपका सपना ही मेरा संकल्प है'। नरेंद्र मोदी और नीतीश आपके सपनों को पूरा करने में लगे हुए हैं। बिहार में सुशासन से समृद्धि की यात्रा अनवरत चलती रहे, इसके लिए भाजपा-एनडीए के सभी साथियों का विधानसभा में जाना आवश्यक है। इसलिए मैं आपके पास आकर उनके लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं।"