क्या मध्य प्रदेश में लाड़ली बहनाओं को 2028 तक तीन हजार रुपए मिलेंगे?
सारांश
मुख्य बातें
सतना 26 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को वर्ष 2028 तक हर महीने तीन हजार रुपए दिए जाएंगे। वर्तमान में इस योजना के तहत 1250 रुपए की सहायता मिल रही है।
सतना जिले के सिंहपुर में मातृशक्ति उत्सव के अंतर्गत आयोजित महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं की आर्थिक प्रगति और सामाजिक समरसता के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृष्टि के अनुरूप है, जिसमें किसान, युवा, गरीब कल्याण और महिला सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं चल रही हैं।
प्रदेश में लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है। सावन के महीने में लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रुपए के साथ 250 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। यह हमारी सरकार का बहन-बेटियों के प्रति स्नेह और आदर है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत बहनों को दी जाने वाली राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा और वर्ष 2028 तक उन्हें तीन हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस योजना के लिए महिला सशक्तीकरण और कल्याण हेतु 1500 करोड़ रुपए से अधिक प्रतिमाह आवंटित किए जा रहे हैं। दीपावली के बाद भाईदूज तक राज्य सरकार सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए सहायता राशि देगी।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा, "बहन-बेटियों के सशक्तीकरण के लिए स्व-सहायता समूहों का संचालन, नौकरियों और स्थानीय निकायों में आरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "माताओं-बहनों के कल्याण के लिए सभी परिवारों को पक्के मकान और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दीदीयां लखपति बनकर प्रगति कर रही हैं, बेटियों के लिए शिक्षा की उचित व्यवस्था की जा रही है, उन्हें साइकिलें दी जा रही हैं और परीक्षा में अच्छे परिणाम लाने पर लैपटॉप भी दिए जा रहे हैं। डॉक्टर-इंजीनियर बनने के लिए हर संभव सहायता बेटियों को दी जा रही है। उद्योगों में काम करने वाली बहनों के लिए भी राज्य सरकार विशेष सहायता प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री यादव ने श्रीराम वन गमन पथ के निर्माण की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मार्ग का निर्माण कर रही है। साथ ही, भगवान श्रीकृष्ण के लीलास्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। किसानों की आय में वृद्धि के लिए गौ पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि से सभी परिवारों को पर्याप्त पोषण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री यादव ने मातृ शक्ति उत्सव कार्यक्रम में 93 करोड़ से अधिक राशि के 232 कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें 44 करोड़ 7 लाख की लागत के 135 कार्यों का लोकार्पण और 49 करोड़ 11 लाख की लागत के 97 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इस कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित अन्य नेता मौजूद थे।